— एसयूसीआई कम्युनिस्ट ने विभिन्न मुद्दों पर सरकार को घेरा

गुड़गांव, 11 अप्रैल 2026। एसयूसीआई (कम्युनिस्ट) ने नवजागरण के महान समाज सुधारक ज्योतिराव फुले को भावभीनी श्रद्धांजलि अर्पित करते हुए समाज में समानता और न्याय के मूल्यों को मजबूत करने का आह्वान किया। पार्टी के हरियाणा राज्य सचिव कामरेड राजेन्द्र सिंह एडवोकेट ने कलानौर के खैरड़ी गांव में डॉ. भीमराव अंबेडकर की प्रतिमा तोड़े जाने की घटना की कड़े शब्दों में निंदा की। उन्होंने दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई और प्रतिमा को यथास्थान पुनः स्थापित करने की मांग की।
राजेन्द्र सिंह ने एनआईटी कुरुक्षेत्र (National Institute of Technology Kurukshetra) में नूंह जिले के एक बी-टेक छात्र की संदिग्ध परिस्थितियों में हुई मौत पर गहरा दुख जताया। उन्होंने कहा कि एक सप्ताह में आत्महत्या की यह दूसरी घटना है, जिस पर सरकार और कॉलेज प्रशासन को तुरंत संज्ञान लेकर ठोस कदम उठाने चाहिए, ताकि भविष्य में ऐसी घटनाओं की पुनरावृत्ति रोकी जा सके।
पार्टी ने करनाल जिले के 17 वर्षीय युवक की रूस-यूक्रेन युद्ध के दौरान मौत पर भी चिंता जताई। एसयूसीआई ने केंद्र और हरियाणा सरकार से अपील की कि प्रदेश के युवाओं को विदेशों के युद्ध में झोंकने से बचाया जाए तथा उनके लिए प्रदेश में ही रोजगार के पर्याप्त अवसर उपलब्ध कराए जाएं।
गुड़गांव की फैक्ट्रियों में आंदोलनरत मजदूरों पर पुलिस द्वारा लाठीचार्ज और दर्जनों मजदूरों पर संगीन धाराओं में मुकदमे दर्ज किए जाने की भी कड़ी आलोचना की गई। राजेन्द्र सिंह ने सभी मजदूरों की तत्काल रिहाई, न्यूनतम वेतन सुनिश्चित करने और सेवा शर्तों को अधिक मानवीय बनाने की मांग उठाई।
इसके अलावा, अमेरिका-इजरायल द्वारा ईरान पर आक्रमण के कारण खाड़ी क्षेत्र में उत्पन्न हालात पर चिंता व्यक्त करते हुए उन्होंने कहा कि रसोई गैस की किल्लत और चावल निर्यात में बाधा के चलते हजारों कामगार बेरोजगार हो रहे हैं और हरियाणा लौटने को मजबूर हैं। एसयूसीआई कम्युनिस्ट ने भारत सरकार से अपील की कि वह अंतरराष्ट्रीय स्तर पर हस्तक्षेप कर युद्ध को रुकवाने में सक्रिय भूमिका निभाए।








