70 किलोमीटर लम्बे सप्लाई चैनल के निर्माण पर आएगी 1993 करोड़ रुपये की लागत
आगामी 2050 तक की आबादी को सुलभ होगा पर्याप्त पेयजल

चंडीगढ़, 10 अप्रैल – मुख्यमंत्री श्री नायब सिंह सैनी ने कहा कि गुरूग्राम में पेयजल सप्लाई के लिए बनाए जा रहे गुरूग्राम वाटर सप्लाई चैनल का कार्य तेज गति से पूरा किया जाए ताकि लोगों को निश्चित समय में पर्याप्त मात्रा में पेयजल सुलभ हो सके।
मुख्यमंत्री श्री नायब सिंह सैनी शुक्रवार को रिमोडलिंग ऑफ गुरूग्राम वाटर सप्लाई चैनल की स्टेडिंग फाईनेंस कमेटी की बैठक की अध्यक्षता कर रहे थे। बैठक में उद्योग एवं वाणिज्य मंत्री राव नरबीर सिंह, सिंचाई मंत्री श्रीमती श्रुति चौधरी, मुख्यमंत्री के मुख्य प्रधान सचिव राजेश खुल्लर, मुख्य सचिव अनुराग रस्तोगी, मुख्यमंत्री के प्रधान सचिव अरूण गुप्ता, अतिरिक्त मुख्य सचिव अनुराग अग्रवाल सहित सिंचाई विभाग के कई वरिष्ठ अधिकारी मौजूद रहे।
मुख्यमंत्री ने कहा कि सोनीपत के काकरोई हैड से बसई जल घर तक बनने वाले इस चैनल से गुरूग्राम को 686 क्यूसेक पानी मिलेगा, जो आगामी 2050 तक की आबादी को पर्याप्त मात्रा में सुलभ हो सकेगा। लगभग 70 किलोमीटर लम्बाई के इस चैनल के निर्माण पर लगभग 1993 करोड़ रुपए से अधिक की राशि व्यय की जाएगी। इस कार्य में पूर्ण रूप से अण्डर ग्राउण्ड पाइप लाईन बिछाई जाएगी ताकि पानी की शुद्धता को बरकरार रखा जा सके।
उन्होंने कहा कि इस सप्लाई चैनल की क्षमता को बढ़ाकर एक हजार क्यूसिक की जाए ताकि इसका लाभ ओर अधिक आबादी को अधिक समय तक मिलता रहे। अधिकारियों ने मुख्यमंत्री को अवगत करवाया कि गुरूग्राम को 500 क्यूसिक पानी सप्लाई एनसीआर कैनाल से किया जाएगा। इस प्रकार गुरूग्राम को आगामी वर्षो में 1500 क्यूसिक पानी की सप्लाई होगी। इसके अलावा मेवात क्षेत्र के लिए भी 389 क्यूसिक पेयजल का अलग से प्रावधान किया जाएगा।
मुख्यमंत्री ने कहा कि यह कार्य पारदर्शी ढंग से किया जाए और उच्च क्वालिटी का होना चाहिए।
गुरूग्राम की पूरी आबादी को निर्बाध रूप से स्वच्छ पेयजल सुलभ करवाना सरकार का दायित्व
मुख्यमंत्री ने कहा कि इस पेयजल सप्लाई प्रोजेक्ट का कार्य अढाई साल में पूरा करने का लक्ष्य निर्धारित किया गया है। उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिए कि इसकी लगातार मोनिटरिगं की जाए और इस कार्य को लक्ष्य से लगभग तीन माह पहले पूरा कर लिया जाए। गुरूग्राम की आबादी लगातार बढ़ रही है और अब गुरुग्राम महाग्राम बन गया है। इसकी पूरी आबादी को निर्बाध रूप से स्वच्छ पेयजल सुलभ करवाना हरियाणा सरकार का दायित्व एंव जिम्मेवारी है।
मुख्यमंत्री ने कहा कि अण्डर ग्राउण्ड बिछाई जाने वाली इस पेयजल पाईप लाईन पर सोलर पैनल लगाने का भी प्रावधान किया जाए ताकि सौर ऊर्जा से बिजली सुलभ हो सके। इसके अलावा गुरूग्राम वाटर सप्लाई चैनल से मिलने वाले पानी का उचित डिस्ट्रीब्यूशन सुनिश्चत करने के लिए वाटर ट्रिटमेंट प्लांट बनाने के लिए भी जगह का चयन कर लिया जाए ताकि उन पर जल्द कार्य शुरू करवाया जा सके।








