जिला प्रशासन के अधिकारियों ने डीसी को दी गरिमापूर्ण विदाई
गुरुग्राम का कार्यकाल मेरे लिए एक विशेष और अविस्मरणीय अनुभव : डीसी

गुरुग्राम, 10 अप्रैल। जिला के प्रशासनिक अधिकारियों तथा कर्मचारियों ने गुरुग्राम के डीसी अजय कुमार को उनके स्थानांतरण पर आज लघु सचिवालय के सभागार में गरिमापूर्ण विदाई दी। विदाई समारोह में प्रशासनिक अधिकारियों ने भगवान श्री राम की प्रतिमा भेंट कर उनका सम्मान किया। कार्यक्रम में गुरुग्राम के एडीसी सोनू भट्ट भी मौजूद रहे।
डीसी अजय कुमार ने विदाई समारोह में अपने विचार साझा करते हुए कहा कि गुरुग्राम में बिताया गया लगभग एक वर्ष पांच महीने का कार्यकाल उनके जीवन के सबसे यादगार अनुभवों में शामिल रहेगा। इस दौरान उन्हें न केवल प्रशासनिक चुनौतियों का सामना करने का अवसर मिला, बल्कि एक सशक्त और सहयोगी टीम के साथ कार्य करने का भी अनुभव प्राप्त हुआ। उन्होंने कहा कि गुरुग्राम एक गतिशील और विविधताओं से भरपूर जिला है, जहां विकास कार्यों को गति देने और जनसमस्याओं के समाधान के लिए हर स्तर पर निरंतर प्रयास और नवाचार की आवश्यकता होती है। ऐसे माहौल में कार्य करना उनके लिए सीखने और खुद को बेहतर बनाने का अवसर रहा।
डीसी ने अपने कार्यकाल की उपलब्धियों का उल्लेख करते हुए कहा कि गुरुग्राम जैसे वैश्विक पहचान वाले शहर में शहरी निकाय राष्ट्रीय सम्मेलन और अर्बन मोबिलिटी इंडिया जैसे प्रतिष्ठित राष्ट्रीय आयोजनों का सफल आयोजन प्रशासन के लिए महत्वपूर्ण उपलब्धि रहा। इन आयोजनों की सफलता में पूरी प्रशासनिक टीम का समर्पण और आपसी समन्वय प्रमुख रहा, जिसके लिए उन्होंने सभी का आभार व्यक्त किया।
डीसी ने कहा कि उनकी कार्यशैली का मूल उद्देश्य हमेशा यही रहा है कि निर्णय आमजन के हितों को केंद्र में रखकर लिए जाएं और प्रशासनिक टीम उन निर्णयों को प्रभावी रूप से धरातल पर लागू करे।
विदाई समारोह के दौरान विभिन्न वक्ताओं ने डीसी अजय कुमार के साथ अपने कार्यकाल के अनुभवों और उनसे जुड़ी यादों को साझा करते हुए उनके उज्ज्वल एवं सफल भविष्य की कामना की। उन्होंने कहा कि डीसी अजय कुमार का कार्य करने का तरीका सदैव सकारात्मक, समाधान-केंद्रित और परिणामोन्मुख रहा। उन्होंने जिला की जटिल से जटिल समस्याओं को भी गंभीरता से लेते हुए समयबद्ध और प्रभावी निर्णयों के माध्यम से उनका समाधान सुनिश्चित किया।
वक्ताओं ने डीसी अजय कुमार की कार्यशैली की सराहना करते हुए कहा कि उनके नेतृत्व में टीमवर्क, पारदर्शिता और जनहित को सदैव सर्वोच्च प्राथमिकता दी गई, जिससे प्रशासनिक कार्यों में गति और गुणवत्ता दोनों सुनिश्चित हुईं। उन्होंने उल्लेख किया कि उनके मार्गदर्शन में जिला प्रशासन ने स्वच्छता अभियान तथा राष्ट्रीय राजमार्ग पर नरसिंहपुर में जल निकासी जैसे महत्वपूर्ण कार्यों को सफलतापूर्वक क्रियान्वित किया, जो अन्य अधिकारियों के लिए प्रेरणास्रोत रहेंगे। उपस्थित अधिकारियों एवं कर्मचारियों ने कहा कि डीसी अजय कुमार का सहज एवं सौम्य व्यवहार, प्रभावी मार्गदर्शन और सकारात्मक दृष्टिकोण हमेशा सभी के लिए स्मरणीय रहेगा।








