तबादला सजा नहीं, भ्रष्टाचार में संलिप्त अधिकारियों को जेल भेजे सरकार: नीरज शर्मा

👇समाचार सुनने के लिए यहां क्लिक करें

फरीदाबाद। एनआईटी फरीदाबाद के पूर्व विधायक नीरज शर्मा ने हरियाणा सरकार और विजिलेंस विभाग की कार्यप्रणाली पर कड़ा प्रहार किया है। नगर निगम के चर्चित 200 करोड़ के घोटाले और हाल ही में सामने आए बैंक घोटालों का हवाला देते हुए उन्होंने कहा कि भ्रष्टाचार में लिप्त अधिकारियों का केवल तबादला करना या उन्हें ‘खुड्डे लाइन’ लगाना पर्याप्त नहीं है, बल्कि उन्हें जेल की सलाखों के पीछे होना चाहिए।

भ्रष्टाचार का द्वार मुख्यमंत्री आवास तक: शर्मा

पूर्व विधायक नीरज शर्मा ने आरोप लगाया कि फरीदाबाद नगर निगम से लेकर पंचकूला और अन्य बैंक घोटालों के तार भाजपा सरकार के बड़े नेताओं, मंत्रियों और मुख्यमंत्री कार्यालय तक जुड़े हुए हैं। उन्होंने कहा, “मैं पहले भी कहता था और आज भी कह रहा हूँ कि इस घोटाले का दरवाजा सरकार के रसूखदारों तक जाता है।”

तबादलों पर उठाए सवाल

पूर्व विधायक ने मुख्यमंत्री नायब सैनी को संबोधित करते हुए कहा कि जब विजिलेंस ने स्पष्ट कर दिया है कि इन अधिकारियों, उनकी पत्नियों और दलालों के खातों में घोटाले का पैसा गया है, तो फिर सरकार केवल तबादलों का खेल क्यों खेल रही है? उन्होंने पूछा कि हरियाणा में बनाई गई बड़ी-बड़ी जेलें किस काम के लिए हैं, अगर इन भ्रष्टाचारियों को वहां नहीं भेजा जा रहा।

मनी ट्रेल की जांच और सीबीआई को सौंपने की मांग

पूर्व विधायक नीरज शर्मा ने विजिलेंस विभाग से मांग की कि जिस तरह पंचकूला नगर निगम घोटाले में ‘मनी ट्रेल’ (पैसे के लेनदेन का रास्ता) पकड़ा जा रहा है, उसी तरह फरीदाबाद के 200 करोड़ के घोटाले की भी गहन जांच हो। उन्होंने मांग की कि:

  • नगर निगम का पैसा किसके खाते में गया, उसे सार्वजनिक किया जाए।
  • क्या यह पैसा ब्यूटी पार्लर वाली मैडम, बैंकॉक में मसाज या नेताओं के बच्चों की शादियों में गाड़ियों के लिए इस्तेमाल हुआ, इसकी सच्चाई जनता के सामने आए।
  • इस पूरे मामले की जांच सीबीआई (CBI) को सौंपी जाए।

रिमोट कंट्रोल सरकार पर तंज
नीरज शर्मा ने वर्तमान मुख्यमंत्री नायब सैनी पर कटाक्ष करते हुए उन्हें ‘रिमोट कंट्रोल मुख्यमंत्री’ बताया और कहा कि वह अपने पूर्ववर्ती मुख्यमंत्री और उनके स्टाफ के दबाव में काम कर रहे हैं, जो खुद इस भ्रष्टाचार में संलिप्त रहे हैं। उन्होंने चेतावनी दी कि जनता सब देख रही है और आने वाले समय में इन भ्रष्टाचारियों को हिसाब देना होगा।

Bharat Sarathi
Author: Bharat Sarathi

Leave a Comment

और पढ़ें

error: Content is protected !!