*पीएनजी कनेक्शन के लिए 3 माह के भीतर आवेदन करने की अपील*
गुरुग्राम, 09 अप्रैल। डीसी अजय कुमार ने कहा कि गुरुग्राम में स्वच्छ, सुरक्षित और पर्यावरण अनुकूल ऊर्जा को बढ़ावा देने के उद्देश्य से पाइप्ड नैचुरल गैस (पीएनजी) व्यवस्था का विस्तार किया जा रहा है। जिन क्षेत्रों में अधिकृत एजेंसी द्वारा पीएनजी पाइपलाइन उपलब्ध है, वहां के निवासियों को इस आधुनिक सुविधा का लाभ उठाने के लिए प्रोत्साहित किया जा रहा है।
डीसी ने कहा कि ऐसे सभी क्षेत्रों के उपभोक्ताओं को इस खबर के प्रकाशित होने से 03 माह के भीतर अधिकृत एजेंसी से घरेलू पीएनजी कनेक्शन के लिए आवेदन कर इसे प्राप्त करना चाहिए, ताकि वे निरंतर, सुरक्षित और बिना किसी झंझट के गैस आपूर्ति का लाभ ले सकें। उन्होंने कहा कि पीएनजी गैस न केवल सुरक्षित है, बल्कि इसमें सिलेंडर बदलने की परेशानी भी नहीं होती और यह पर्यावरण के लिए भी बेहतर विकल्प है। इससे उपभोक्ताओं को सुविधा के साथ-साथ समय की बचत भी होगी।
डीसी ने कहा कि निर्धारित 3 महीने की अवधि के बाद संबंधित क्षेत्रों में एलपीजी की आपूर्ति को चरणबद्ध तरीके से बंद किया जाएगा, ताकि अधिक से अधिक लोग पीएनजी जैसी आधुनिक सुविधा से जुड़ सकें। उन्होंने नागरिकों से अपील की कि वे इस पहल को सकारात्मक रूप से अपनाते हुए समय रहते पीएनजी कनेक्शन प्राप्त करें और स्वच्छ ऊर्जा के उपयोग में भागीदार बनें।







