पिछले 8 दिनों में 12890 मीट्रिक टन गेहूं की हुई खरीद
गुरुग्राम 09 अप्रैल। रबी सीजन के तहत जिले में गेहूं की खरीद प्रक्रिया सुचारू रूप से जारी है। डीसी अजय कुमार ने कहा कि प्रदेश सरकार के निर्देशानुसार किसानों की उपज निर्धारित मानकों के अनुरूप खरीदी जा रही है और उनकी सुविधाओं का विशेष ध्यान रखा जा रहा है। अब तक जिले में कुल 12890 मीट्रिक टन गेहूं की खरीद हो चुकी है। इसमें से 1786.5 मीट्रिक टन गेहूं की लिफ्टिंग भी पूरी हो चुकी है और शेष लिफ्टिंग का कार्य तेज गति से किया जा रहा है।
डीसी अजय कुमार ने खरीद एजेंसियों को निर्देश दिए हैं कि किसानों को समय पर भुगतान किया जाए ताकि उन्हें आर्थिक परेशानियों का सामना न करना पड़े। लिफ्टिंग कार्य में तेजी लाई जाए ताकि मंडियों में जगह की कमी न हो और नई फसल की आवक बाधित न हो। खरीद एजेंसियों द्वारा स्टोरेज व्यवस्था को बेहतर ढंग से प्रबंधित किया जाए, जिससे खरीदे गए गेहूं का सुरक्षित भंडारण किया जा सके। किसानों की सुविधा के लिए अनाज मंडियों में जरूरी व्यवस्थाएं सुनिश्चित की जाएं।
डीसी ने किसानों से अपील की कि वे अपने अनाज को तय मानकों के अनुसार सूखाकर ही मंडियों में लेकर आएं, ताकि उनकी उपज बिना किसी रुकावट के खरीदी जा सके। साथ ही उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिया कि मंडियों में किसी भी प्रकार की अव्यवस्था न हो और सभी कार्य सुचारू रूप से संपन्न किए जाएं। जिला प्रशासन खरीद प्रक्रिया को सुचारू रखने के लिए लगातार निगरानी कर रहा है और यह सुनिश्चित किया जा रहा है कि किसानों को उनकी उपज का सही मूल्य समय पर मिले और उन्हें किसी प्रकार की असुविधा का सामना न करना पड़े।








