नगर निगम गुरुग्राम व आकाश पब्लिक स्कूल के संयुक्त प्रयास से जागरूकता कार्यक्रम आयोजित

गुरुग्राम, 8 अप्रैल। नगर निगम गुरुग्राम एवं आकाश पब्लिक स्कूल सेक्टर-5 के संयुक्त तत्वावधान में “प्रदूषण मुक्त गुरुग्राम” विषय पर एक प्रभावशाली जागरूकता कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम का उद्देश्य विद्यार्थियों को कचरे के पृथक्करण, प्लास्टिक के कम उपयोग तथा दैनिक जीवन में पर्यावरण-अनुकूल आदतों को अपनाने के प्रति प्रेरित करना था।
कार्यक्रम में नगर निगम गुरुग्राम के अतिरिक्त आयुक्त डॉ. जयवीर यादव मुख्य अतिथि के रूप में उपस्थित रहे। इस अवसर पर वार्ड नंबर-35 के पार्षद परमिंदर कटारिया, स्वच्छता ब्रांड एंबेसडर कुलदीप हिंदुस्तानी तथा बुलंद आवाज़ वेलफेयर सोसाइटी की उपाध्यक्षा प्रिंका यादव विशिष्ट अतिथि के रूप में शामिल हुए।

अपने संबोधन में डॉ. जयवीर यादव ने विद्यार्थियों को गीले और सूखे कचरे को अलग-अलग रखने की आदत विकसित करने पर जोर दिया तथा पॉलिथीन के उपयोग से बचने की अपील की। उन्होंने कहा कि छोटे-छोटे प्रयास ही बड़े बदलाव का आधार बनते हैं। वहीं पार्षद परमिंदर कटारिया ने प्रत्येक घर में दो कूड़ेदान रखने की आवश्यकता बताते हुए कचरा प्रबंधन को बेहतर बनाने का संदेश दिया।
कार्यक्रम की शुरुआत अतिथियों के स्वागत से हुई। इस दौरान विद्यार्थियों ने एक सशक्त नुक्कड़ नाटक प्रस्तुत किया, जिसमें प्लास्टिक के दुष्प्रभावों और कचरे के पृथक्करण के महत्व को सरल व प्रभावी ढंग से दर्शाया गया। विद्यार्थियों का प्रदर्शन न केवल ज्ञानवर्धक रहा, बल्कि उपस्थित सभी लोगों को पर्यावरण संरक्षण के प्रति जागरूक करने में भी सफल रहा।
कार्यक्रम के समापन अवसर पर विद्यालय के प्रधानाचार्य संजीव भारद्वाज ने सभी अतिथियों का धन्यवाद किया। अंत में स्वच्छता ब्रांड एंबेसडर कुलदीप हिंदुस्तानी ने सभी विद्यार्थियों एवं उपस्थित नागरिकों को स्वच्छता की शपथ दिलाई और स्वच्छ गुरुग्राम के निर्माण में सक्रिय भागीदारी का आह्वान किया।
इस जागरूकता कार्यक्रम के माध्यम से विद्यार्थियों एवं नागरिकों को स्वच्छ एवं प्रदूषण मुक्त गुरुग्राम के निर्माण के लिए प्रेरित किया गया। कार्यक्रम को सफल बनाने में एचएमएस टीम के मनोज, सनी, राहुल तथा आकाश पब्लिक स्कूल के प्रबंधन का विशेष योगदान रहा।







