डीसी अजय कुमार की अध्यक्षता में एलपीजी-पीएनजी व्यवस्था की समीक्षा बैठक

👇समाचार सुनने के लिए यहां क्लिक करें

प्रवासी श्रमिकों को 5 किलोग्राम के छोटे सिलेंडर के प्रति जागरूक करें गैस एजेंसियां : डीसी

डीसी ने कहा, प्रभावी मॉनिटरिंग के लिए पीएनजी नेटवर्क विस्तार की दैनिक प्रगति रिपोर्ट दें सेवा प्रदाता कंपनियां

गुरुग्राम, 07 अप्रैल। जिले में आमजन, विशेषकर प्रवासी श्रमिकों को रसोई गैस से जुड़ी सुविधाएं सहज, सुलभ और परेशानी मुक्त तरीके से उपलब्ध करवाने के उद्देश्य से जिला प्रशासन लगातार सक्रिय है। इसी कड़ी में मंगलवार को डीसी अजय कुमार ने हरियाणा के मुख्य सचिव अनुराग रस्तोगी की वीडियो कॉन्फ्रेंस के उपरांत एलपीजी एवं पीएनजी आपूर्ति व्यवस्था की विस्तृत समीक्षा बैठक की अध्यक्षता की।

बैठक में गैस एजेंसियों को निर्देश दिए गए कि वे प्रवासी श्रमिकों को 5 किलोग्राम के छोटे सिलेंडर के प्रति अधिक से अधिक जागरूक करें, ताकि किसी भी जरूरतमंद को गैस कनेक्शन या अन्य औपचारिकताओं के अभाव में कठिनाई का सामना न करना पड़े। डीसी ने कहा कि यह छोटा सिलेंडर बिना किसी कनेक्शन के केवल आईडी प्रूफ के आधार पर आसानी से प्राप्त किया जा सकता है, जिससे जरूरतमंद वर्ग को त्वरित राहत और सुविधा मिल सके।

डीसी अजय कुमार ने जिला में पीएनजी आपूर्ति से जुड़ी कंपनियों इंद्रप्रस्थ गैस लिमिटेड और हरियाणा सिटी गैस के पदाधिकारियों को निर्देश दिए कि वे शहरी क्षेत्रों में अपने नेटवर्क विस्तार की दैनिक प्रगति रिपोर्ट डीसी कार्यालय को नियमित रूप से उपलब्ध करवाना सुनिश्चित करें। उन्होंने कहा कि इससे प्रशासनिक स्तर पर पूरे कार्य की प्रभावी मॉनिटरिंग हो सकेगी और जहां कहीं भी बाधाएं होंगी, उनका समय रहते समाधान किया जा सकेगा, ताकि नागरिकों को शीघ्रता से पीएनजी जैसी आधुनिक सुविधा का लाभ मिल सके।

बैठक के दौरान एलपीजी आपूर्ति से जुड़ी कंपनियों के अधिकारियों ने डीसी अजय कुमार को अवगत कराया कि जिले में प्रवासी श्रमिकों की सुविधा को ध्यान में रखते हुए सभी गैस एजेंसियों के पास 5 किलोग्राम सिलेंडर का पर्याप्त मात्रा में स्टॉक उपलब्ध है। उन्होंने बताया कि स्थानीय नागरिकों को भी घरेलू गैस सिलेंडरों की आपूर्ति पूरी तरह सुचारु और निर्बाध रूप से की जा रही है।अधिकारियों ने जानकारी दी कि वर्तमान में जिले में कुल मांग की तुलना में लगभग 12,574 सिलेंडर अतिरिक्त स्टॉक के रूप में उपलब्ध हैं, जिससे किसी प्रकार की कमी की स्थिति नहीं है।

बैठक में एडीसी सोनू भट्ट, एएलसी कुशल कटारिया, जिला राजस्व अधिकारी विजय यादव, हरियाणा राज्य कृषि विपणन बोर्ड से जिला विपणन प्रवर्तन अधिकारी विनय यादव, इंद्रप्रस्थ गैस लिमिटेड और हरियाणा सिटी गैस के पदाधिकारी, कृषि विभाग के उपनिदेशक अशोक तंवर, डीएफएससी से सप्लाई ब्रांच के इंस्पेक्टर राकेश कुमार सहित अन्य अधिकारी मौजूद रहे।
0000

Bharat Sarathi
Author: Bharat Sarathi

Leave a Comment

और पढ़ें

error: Content is protected !!