भाजपा प्रदेश अध्यक्ष बड़ौली ने सोनीपत में महाराजा सूरजमल की प्रतिमा का अनावरण किया
नायब सैनी सरकार किसानों की फसल का एक-एक दाना खरीदने के लिए प्रतिबद्ध : मोहन लाल बड़ौली
आगामी पांच राज्यों के विधानसभा चुनाव में भाजपा की जीत तय : मोहन लाल बड़ौली

चंडीगढ़, 5 अप्रैल। भाजपा प्रदेश अध्यक्ष पंडित मोहन लाल बड़ौली सोनीपत में अजेय हिंदू हृदय सम्राट शिरोमणि महाराजा सूरजमल की मूर्ति स्थापना दिवस कार्यक्रम में बतौर मुख्य अतिथि शामिल हुए। उन्होंने महाराजा सूरजमल की प्रतिमा का विधिवत अनावरण किया। इस अवसर पर मोहन लाल बड़ौली ने महाराजा सूरजमल को युद्ध कौशल, रणनीति और वीरता के अद्वितीय प्रतीक बताया। उन्होंने कहा कि महाराजा सूरजमल की यह प्रतिमा आने वाली पीढ़ी को देश भक्ति और साहस का संदेश देती रहेगी। कार्यक्रम के बाद श्री बड़ौली ने पत्रकारों के सवालों के जवाब भी दिए।

भाजपा प्रदेश अध्यक्ष मोहन लाल बड़ौली ने कहा कि महाराजा सूरजमल महान शासक, अजेय योद्धा और कुशल रणनीतिकार थे। महाराजा सूरजमल ने कभी कोई युद्ध न हारने का गौरव भी प्राप्त है और उन्होंने अपनी प्रजा व किसानों के कल्याण के लिए अनेकों काम किए। वे एक न्यायप्रिय और धर्मनिरपेक्ष शासक थे जिन्होंने किसानों को बहुत महत्व दिया।
श्री बड़ौली ने कहा कि महाराजा सूरजमल को एक महान राष्ट्रभक्त और अजेय योद्धा के रूप में याद किया जाता है, जो समानता और सामाजिक समरसता के प्रतीक थे। उन्होंने कहा कि महाराजा सूरजमल ने अनेकों लडाइयां लड़ी, उनकी लड़ाई भी इतिहास में दर्ज है।

पत्रकारों से बातचीत करते हुए मोहन लाल बड़ौली ने कहा कि पांच राज्यों में होने वाले विधानसभा चुनाव में भारतीय जनता पार्टी की जीत निश्चित है। एक सवाल के जवाब में उन्होंने कहा कि पश्चिम बंगाल की जनता ने भाजपा को जिताने का मन बना लिया है। इस बार तृणमूल कांग्रेस की हार तय है। उन्होंने कहा कि जनआशीर्वाद से असम में भी तीसरी बार सरकार बनाकर भाजपा इतिहास रचेगी।
एक अन्य सवाल पर श्री बड़ौली ने कहा कि भाजपा किसान हित की पार्टी है। नायब सरकार ने मंडियों में अच्छी व्यवस्था लागू की है, ताकि किसानों को कोई तकलीफ ना हो। मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी ने किसानों की 24 फसलों को एमएसपी पर खरीदने की गारंटी दी है। उन्होंने कहा कि हरियाणा के किसानों का एक-एक दाना को नायब सैनी सरकार खरीदेगी। श्री बड़ौली ने कहा कि भाजपा जो कहती है उसे संकल्प के साथ पूरा करती है। इस अवसर पर भाजपा जिला अध्यक्ष अशोक भरद्वाज, विधायक निखिल मदान, मेयर राजीव जैन सहित कार्यक्रम में बड़ी संख्या में गणमान्य लोग मौजूद रहे।








