मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी होंगे मुख्य अतिथि
मुख्यमंत्री बादशाहपुर को देंगे अनेक विकास परियोजनाओं की सौगात, विकास कार्यों को मिलेगी नई गति
रैली के आयोजक एवं उद्योग एवं वाणिज्य मंत्री राव नरबीर सिंह ने आयोजन स्थल का निरीक्षण कर तैयारियों का लिया जायजा

गुरुग्राम, 21 मार्च। हरियाणा के मुख्यमंत्री श्री नायब सिंह सैनी आज सेक्टर-91, काकरौला में आयोजित “विकसित बादशाहपुर महारैली” एवं मुख्यमंत्री शहरी आवास योजना के लाभार्थियों के आवास आबंटन समारोह में मुख्य अतिथि के रूप में शामिल होंगे। कार्यक्रम की अध्यक्षता उद्योग एवं वाणिज्य मंत्री राव नरबीर सिंह करेंगे। इस अवसर पर मुख्यमंत्री प्रदेश सरकार की जनकल्याणकारी नीतियों एवं विकास कार्यों को लेकर जनसमूह को संबोधित करेंगे। साथ ही, मुख्यमंत्री शहरी आवास योजना के तहत 2709 पात्र लाभार्थियों को आवास की चाबियां सौंपकर उन्हें उनके आशियाने का अधिकार प्रदान करेंगे।
यह कार्यक्रम प्रातः 11 बजे आरंभ होगा। कार्यक्रम के दौरान मुख्यमंत्री बादशाहपुर क्षेत्र को विभिन्न महत्वपूर्ण विकास परियोजनाओं की सौगात भी देंगे, जिससे क्षेत्र के समग्र विकास को नई दिशा और गति मिलेगी। कार्यक्रम को लेकर सेक्टर-91 काकरौला स्थित गुरुग्राम यूनिवर्सिटी के सामने मैदान में सभी तैयारियां पूरी कर ली गई हैं। शनिवार को कैबिनेट मंत्री राव नरबीर सिंह ने हाउसिंग फॉर ऑल विभाग के महानिदेशक जे गणेशन तथा डीसी अजय कुमार के साथ रैली स्थल का निरीक्षण कर संबंधित अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए। इस दौरान उन्होंने रूट प्लान, यातायात प्रबंधन, पार्किंग, सुरक्षा, पेयजल, स्वच्छता, बैठने की व्यवस्था तथा सांस्कृतिक कार्यक्रमों से जुड़ी तैयारियों की समीक्षा की।
मुख्यमंत्री के आगमन को लेकर जिला प्रशासन पूरी तरह सतर्क और सक्रिय है। डीसी अजय कुमार ने अधिकारियों के साथ बैठक कर व्यवस्थाओं की गहन समीक्षा करते हुए विभागवार जिम्मेदारियां तय की हैं। उन्होंने सुरक्षा, ट्रैफिक प्रबंधन, वीआईपी मूवमेंट तथा अन्य व्यवस्थाओं को सुचारू रूप से लागू करने के निर्देश दिए हैं। कार्यक्रम में बड़ी संख्या में लोगों की भागीदारी को ध्यान में रखते हुए पर्याप्त पार्किंग, सुगम यातायात व्यवस्था तथा अन्य सभी आवश्यक सुविधाएं सुनिश्चित की गई हैं।
इस अवसर पर एडीसी सोनू भट्ट, एसडीएम मानेसर दर्शन यादव, डीआईपीआरओ बिजेंद्र कुमार तथा हाउसिंग फॉर ऑल विभाग सहित अन्य संबंधित विभागों के अधिकारी उपस्थित रहे।
मुख्यमंत्री शहीदी दिवस समारोह में करेंगे शिरकत
गुरुग्राम,21 मार्च। हरियाणा के मुख्यमंत्री श्री नायब सिंह सैनी अपने निर्धारित कार्यक्रम के अनुसार विकसित बादशाहपुर महारैली में सहभागिता से पूर्व सेक्टर-57 स्थित मैफील्ड गार्डन में आयोजित शहीदी दिवस समारोह में शिरकत करेंगे। इस अवसर पर वे शहीदों को श्रद्धांजलि अर्पित करेंगे और कार्यक्रम में उपस्थित जनसमूह को संबोधित भी करेंगे।







