मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी महारैली में मुख्यमंत्री शहरी आवास योजना के लाभार्थियों को सौंपेंगे आवास की चाबी
उद्योग एवं वाणिज्य मंत्री राव नरबीर सिंह करेंगे महारैली की अध्यक्षता, सेक्टर 91 काकरौला में तैयारियां भी शुरू
गुरुग्राम, 20 मार्च। मुख्यमंत्री श्री नायब सिंह सैनी गुरुग्राम जिला के सेक्टर 91, काकरौला में 22 मार्च रविवार को प्रात: 11 बजे “विकसित बादशाहपुर महारैली” को संबोधित करेंगे। उद्योग एवं वाणिज्य मंत्री राव नरबीर सिंह इस आयोजन की अध्यक्षता करेंगे। मुख्यमंत्री इस कार्यक्रम में मुख्यमंत्री शहरी आवास योजना के 2709 लाभार्थियों को आवास की चाबियां भी प्रदान करेंगे।
डीसी अजय कुमार ने शुक्रवार को लघु सचिवालय, गुरुग्राम में अधिकारियों के साथ एक महत्वपूर्ण बैठक की और बैठक में मुख्यमंत्री के प्रस्तावित कार्यक्रम की तैयारियों की विस्तार से समीक्षा की। उन्होंने आयोजन को लेकर संबंधित अधिकारियों को विभागवार कार्यों को लेकर आवश्यक दिशा-निर्देश भी दिए।
डीसी ने अधिकारियों को निर्देश देते हुए कहा कि सेक्टर-91, काकरौला स्थित गुरुग्राम यूनिवर्सिटी के सामने मैदान में आयोजित होने वाली रैली के लिए सभी व्यवस्थाएं समय रहते पूरी कर ली जाएं। उन्होंने मुख्यमंत्री के रैली स्थल तक पहुंचने के रूट, यातायात प्रबंधन, पार्किंग, सुरक्षा, पेयजल, स्वच्छता, बैठने की व्यवस्था तथा सांस्कृतिक कार्यक्रमों आदि से संबंधित गतिविधियों की विषयवार समीक्षा की।
उन्होंने कहा कि कार्यक्रम में बड़ी संख्या में लोगों की भागीदारी को ध्यान में रखते हुए सभी विभाग आपसी समन्वय के साथ कार्य करें, ताकि आयोजन सफलतापूर्वक संपन्न हो सके। इस अवसर पर एडीसी सोनू भट्ट, नगर निगम मानेसर के आयुक्त प्रदीप सिंह, एसडीएम गुरुग्राम परमजीत चहल, एसडीएम मानेसर दर्शन यादव, नगर निगम मानेसर के संयुक्त आयुक्त हितेंद्र शर्मा, सीटीएम सपना यादव, एसीपी वीरेंद्र सिंह सहित अन्य अधिकारी उपस्थित रहे।







