चंडीगढ़, 20 मार्च 2026। हरियाणा में हाल ही में हुई बेमौसम बारिश ने किसानों की मेहनत पर पानी फेर दिया है। प्रदेश के अधिकांश क्षेत्रों में फसलें या तो पूरी तरह बर्बाद हो चुकी हैं या नुकसान के कगार पर हैं। हरियाणा प्रदेश कांग्रेस कमेटी के अध्यक्ष राव नरेंद्र सिंह ने प्रभावित क्षेत्रों, विशेषकर नारनौल और दक्षिण हरियाणा के विभिन्न गांवों का दौरा कर हालात का जायजा लिया और किसानों की समस्याएं सुनीं।
राव नरेंद्र सिंह ने कहा कि पश्चिमी विक्षोभ के कारण हुई असमय वर्षा ने रबी की फसलों को भारी नुकसान पहुंचाया है। खेतों में खड़ी गेहूं और सरसों की फसल बुरी तरह गिर गई है, जिससे किसानों के सामने गंभीर आर्थिक संकट खड़ा हो गया है। उन्होंने कहा कि पहले से ही बढ़ती महंगाई और खेती की लागत के बोझ तले दबे किसानों के लिए यह प्राकृतिक मार किसी बड़ी आपदा से कम नहीं है।
उन्होंने कहा कि हरियाणा का किसान इस समय दोहरी मार झेल रहा है—एक ओर खेती की बढ़ती लागत और दूसरी ओर प्राकृतिक आपदाओं का प्रहार। ऐसे में सरकार की जिम्मेदारी बनती है कि वह तुरंत स्थिति का संज्ञान लेते हुए राहत कार्य शुरू करे।
राव नरेंद्र सिंह ने राज्य सरकार से मांग की कि प्रदेश के सभी प्रभावित क्षेत्रों में शीघ्र गिरदावरी करवाई जाए और नुकसान का सही आकलन करते हुए किसानों को बिना देरी के उचित एवं पर्याप्त मुआवजा दिया जाए। उन्होंने प्रशासन से भी आग्रह किया कि जमीनी स्तर पर पारदर्शिता के साथ सर्वे कर वास्तविक पीड़ित किसानों तक राहत पहुंचाई जाए।
उन्होंने कहा कि कांग्रेस पार्टी हमेशा किसानों के हक और अधिकारों के लिए संघर्ष करती रही है और आगे भी उनकी आवाज को मजबूती से उठाती रहेगी। किसानों के साथ न्याय और उनकी मेहनत का सम्मान सुनिश्चित किया जाना चाहिए।







