कांग्रेस में बिखराव को देखकर कांग्रेसी कन्फ्यूज हो चुके हैं : मोहन लाल बड़ौली

👇समाचार सुनने के लिए यहां क्लिक करें

भाजपा कार्यकर्ताओं के समर्पण से ही संगठन और राष्ट्र दोनों मजबूत हो रहे हैं : मोहन लाल बड़ौली

भाजपा प्रदेश अध्यक्ष बड़ौली ने सोनीपत में कार्यकर्ताओं को बूथ स्तर तक संगठन और अधिक सशक्त करने का आह्वान किया

चंडीगढ़, 19 मार्च। भारतीय जनता पार्टी के संगठनात्मक कार्यक्रम में गुरुवार को सोनीपत स्थित भाजपा कार्यालय स्वर्ण कमल में वरिष्ठ नेताओं एवं कार्यकर्ताओं की एक महत्वपूर्ण बैठक हुई। कार्यक्रम में संगठन की मजबूती, सरकार की जनकल्याणकारी योजनाओं को जन-जन तक पहुंचाने तथा बूथ स्तर तक पार्टी को और अधिक सशक्त बनाने को लेकर विस्तार से चर्चा की गई। इस अवसर पर भाजपा के प्रदेश अध्यक्ष पंडित मोहन लाल बड़ौली ने कांग्रेस पार्टी पर भी तंज कसा। उन्होंने कहा कि राज्यसभा चुनाव में क्रॉस वोटिंग के बाद कांग्रेस घबराई हुई है और कांग्रेस के नेता कन्फ्यूज हो चुके हैं। उन्होंने कहा कि कांग्रेस में आपसी विश्वास की कमी भी स्पष्ट हो गई है।

भाजपा प्रदेश अध्यक्ष पंडित मोहन लाल बड़ौली ने कार्यक्रम को संबोधित करते हुए कहा कि भारतीय जनता पार्टी आज देश की सबसे बड़ी राजनीतिक पार्टी इसलिए बनी है क्योंकि इसके कार्यकर्ता सेवा, समर्पण और राष्ट्रहित की भावना से कार्य करते हैं। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में देश विकास और सुशासन के नए आयाम स्थापित कर रहा है और भाजपा का प्रत्येक कार्यकर्ता इस विकास यात्रा का सशक्त वाहक है। उन्होंने कहा कि भाजपा कार्यकर्ताओं के समर्पण से ही संगठन और राष्ट्र दोनों मजबूत हो रहे हैं।

श्री बड़ौली ने कार्यकर्ताओं का आह्वान करते हुए कहा कि सभी कार्यकर्ता संगठन को बूथ स्तर तक और अधिक मजबूत करते हुए नायब सैनी सरकार की नीतियों और उपलब्धियों को समाज के अंतिम व्यक्ति तक पहुंचाने का कार्य करें। श्री बड़ौली ने कहा कि भाजपा की विचारधारा राष्ट्र प्रथम के सिद्धांत पर आधारित है और जब कार्यकर्ता सेवा भाव से कार्य करता है तो संगठन स्वतः ही मजबूत होता है और समाज में सकारात्मक परिवर्तन आता है।

भाजपा प्रदेश अध्यक्ष ने कहा कि भाजपा के लिए राष्ट्रवाद मुख्य पहचान और शक्ति है। उन्होंने कहा कि भाजपा का लक्ष्य गरीबों और वंचितों का उत्थान है। भाजपा का विजन ’विकसित भारत’ और आत्मनिर्भर भारत का निर्माण करना है। श्री बड़ौली ने कहा कि भाजपा सत्ता को सेवा का माध्यम मानती है। हरियाणा के मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी के नेतृत्व में भाजपा सरकार सबका साथ, सबका विकास और सबका प्रयास के मूल मंत्र पर काम कर रही है। हर वर्ग को ध्यान में रखकर नायब सैनी सरकार योजनाएं बनाकर उनका उत्थान कर रही है।

कांग्रेस में आपसी विश्वास की कमी : बड़ौली

भाजपा प्रदेश अध्यक्ष मोहन लाल बड़ौली ने कांग्रेस पार्टी की दुर्दशा पर तंज कसते हुए कहा कि बिखराव को देखकर कांग्रेस घबराई हुई है और कन्फ्यूज हो चुकी है। पूर्व सीएम हुड्डा समेत हरियाणा के वरिष्ठ नेता राज्यसभा चुनाव में अपने पांच नेताओं के क्रॉस वोट की बात कर रहे हैं। वहीं हरियाणा के कांग्रेस प्रभारी बीके हरिप्रसाद चार विधायकों को नोटिस जारी करने की बात कह रहे हैं। उन्होंने कहा कि क्रॉस वोट को लेकर कांग्रेस भ्रम में फंस गई है और कांग्रेस में कभी भी भगदड़ की स्थिति बन सकती है।

कार्यक्रम में जिला अध्यक्ष अशोक भारद्वाज ने कहा कि भारतीय जनता पार्टी निरंतर संगठनात्मक गतिविधियों के माध्यम से कार्यकर्ताओं को सशक्त बनाने और समाज के हर वर्ग तक पार्टी की नीतियों व सरकार की उपलब्धियों को पहुँचाने का कार्य कर रही है। उन्होंने कहा कि भविष्य में भी इसी प्रकार के कार्यक्रमों का आयोजन जारी रहेगा।

कार्यक्रम में उपस्थित नेताओं ने भी संगठन को मजबूत बनाने और जनसेवा के कार्यों को निरंतर आगे बढ़ाने का संकल्प लिया। इस अवसर पर जिला अध्यक्ष अशोक भारद्वाज, विधायक निखिल मदान, विधायक पवन खरखोदा, मीडिया प्रभारी दिनेश अत्री, पूर्व कैबिनेट मंत्री कविता जैन, भाजपा नेता देवेंद्र कौशिक पूर्व मेयर राजीव जैन, ललित बत्रा, तरुण देवदास, नीरज कुमार, सहित अनेक वरिष्ठ पदाधिकारी और कार्यकर्ता उपस्थित रहे।

Bharat Sarathi
Author: Bharat Sarathi

Leave a Comment

और पढ़ें

error: Content is protected !!