गुरुग्राम, 18 मार्च 2026। हरियाणा बिजली पेंशनर्स वेलफेयर एसोसिएशन ने राज्य सरकार द्वारा कर्मचारियों और पेंशनर्स के लिए लीव ट्रैवल कंसेशन (एलटीसी) से जुड़ी सुविधा में किए गए बदलाव को लेकर कड़ा विरोध जताया है। एसोसिएशन के वरिष्ठ पदाधिकारी बनवारी लाल शर्मा ने इसे “विवेकहीन और पेंशनर्स के हितों पर सीधा प्रहार” बताया है।
उन्होंने बताया कि हरियाणा सरकार के मानव संसाधन विभाग द्वारा 13 मार्च 2026 को जारी आदेश के अनुसार एलटीसी के बदले एक महीने की सैलरी या पेंशन लेने की सुविधा को 1 जनवरी 2028 से समाप्त कर दिया जाएगा। इसके बाद कर्मचारियों और पेंशनर्स को एलटीसी का लाभ केवल यात्रा के रूप में ही मिलेगा।
एसोसिएशन का कहना है कि पहले विभिन्न श्रेणियों के कर्मचारियों एवं पेंशनर्स को अपने होमटाउन या देश के किसी भी स्थान की यात्रा के बदले एक महीने की सैलरी या पेंशन लेने का विकल्प दिया जाता था, जो अब समाप्त किया जा रहा है। इस निर्णय से विशेषकर बुजुर्ग पेंशनर्स को भारी असुविधा का सामना करना पड़ेगा, क्योंकि कई लोग स्वास्थ्य या अन्य कारणों से यात्रा करने में सक्षम नहीं होते।
बनवारी लाल शर्मा ने कहा कि यह फैसला पेंशनर्स के सम्मान और उनकी सुविधाओं के साथ अन्याय है। उन्होंने सरकार से मांग की कि इस निर्णय पर पुनर्विचार किया जाए और एलटीसी से जुड़ी पूर्व सुविधा को बहाल किया जाए, ताकि बुजुर्ग पेंशनर्स को राहत मिल सके।
एसोसिएशन ने चेतावनी दी है कि यदि सरकार ने इस फैसले को वापस नहीं लिया तो पेंशनर्स व्यापक स्तर पर विरोध प्रदर्शन करने को मजबूर होंगे।







