लोकतंत्र का गला घोंटने का काम स्वयं कांग्रेस पार्टी कर रही — मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी

👇समाचार सुनने के लिए यहां क्लिक करें

कांग्रेस द्वारा लोकतंत्र की हत्या का आरोप लगाना उनकी कुंठा का परिचायक, जबकि लोकतंत्र की हत्या कांग्रेस के बयानों से हुई, इसके लिए माफी मांगनी चाहिए

चंडीगढ़, 18 मार्च — हरियाणा के मुख्यमंत्री श्री नायब सिंह सैनी ने राज्यसभा चुनाव को लेकर कांग्रेस पर निशाना साधते हुए कहा कि लोकतंत्र का गला घोंटने का काम स्वयं कांग्रेस पार्टी कर रही है। कांग्रेस द्वारा लोकतंत्र की हत्या के आरोप लगाना उनकी कुंठा का परिचायक है, जबकि वास्तविकता यह है कि लोकतंत्र की हत्या उनके बयानों से हुई है और कांग्रेस को इसके लिए माफी मांगनी चाहिए।

मुख्यमंत्री बुधवार को हरियाणा विधानसभा के बजट सत्र में राज्यसभा चुनाव के संबंध में बोल रहे थे।

श्री नायब सिंह सैनी ने स्पष्ट किया कि यह विषय सदन की चर्चा का हिस्सा नहीं है, लेकिन डॉ रघुबीर सिंह कादियान, जो सबसे वरिष्ठ सदस्य हैं और वे विधानसभा के अध्यक्ष भी रह चुके हैं, उन्होंने ये कहा कि तीसरे उम्मीदवार की क्या आवश्यकता थी। विधायक श्रीमती गीता भुक्कल ने मीडिया में यह बयान दिया कि सरकार के मंत्रियों ने हमारे विधायकों को खरीदा है।

मुख्यमंत्री ने कहा कि तीसरा उम्मीदवार हमारा नहीं था, वो तो आजाद उम्मीदवार थे और निर्दलीय सदस्यों द्वारा उन्हें चुनाव में खड़ा किया गया था। लोकतंत्र में चुनाव लड़ने का अधिकार सभी को है। तीसरे आजाद उम्मीदवार हमारे पास वोट मांगने आए, वो तो कांग्रेस के पास भी गए वोट मांगने। जिनकी अंतरआत्मा जाग गई, उन्होंने उन्हें वोट किया। फिर इसमें किसी को क्या दिक्कत है।

डिजिटल भुगतान से छोटे व्यापारियों को मिल रही नई मजबूती — मुख्यमंत्री

किसी व्यापारी या दुकानदार को किसी प्रकार की कोई दिक्कत नहीं है, दिक्कत किसी को है तो वो कांग्रेस को है — नायब सिंह सैनी

प्रश्नकाल से गायब विपक्ष पर मुख्यमंत्री का कटाक्ष — अपने ही प्रश्नों के उत्तर सुनने सदन में नहीं आते विधायक

चंडीगढ़, 18 मार्च — हरियाणा के मुख्यमंत्री श्री नायब सिंह सैनी ने विपक्ष द्वारा ऑनलाइन खरीदारी की बढ़ती प्रवृत्ति के कारण राज्य के छोटे दुकानदारों के व्यवसाय पर प्रतिकूल प्रभाव पड़ने के सवालों पर जवाब देते हुए कहा कि प्रधानमंत्री श्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में आज भारत विश्व में वह शक्ति बनकर उभरा है, जहां रेहड़ी—फड़ी वाले भी यूपीआई डिजिटल पेमेंट का उपयोग कर रहे हैं। किसी व्यापारी या दुकानदार को किसी प्रकार की कोई दिक्कत नहीं है। यदि दिक्कत किसी को है तो वो कांग्रेस को है।

मुख्यमंत्री बुधवार को हरियाणा विधानसभा के बजट सत्र में प्रश्नकाल के दौरान विधायक श्री बलवान सिंह दौलतपुरिया द्वारा पूछे गए सवाल का जवाब दे रहे थे।

विधायक द्वारा छोटे खुदरा व्यापारियों को समर्थन देने के लिए ऑनलाइन खरीदारी पर भारी कर लगाने के प्रस्ताव के सवाल पर मुख्यमंत्री ने जवाब देते हुए कहा कि विपक्ष को तथ्यों की जानकारी ही नहीं है और वे जानकारी के अभाव में ऐसी बाते करते हैं।

श्री नायब सिंह सैनी ने कहा कि कोरोना काल में भी किसी रेहड़ी—फड़ी वालों को किसी प्रकार की परेशानी न हो, इसके लिए केंद्र सरकार ने रेहड़ी—फड़ी वालों को बिना ब्याज के 10 हजार रुपये तक का लोन दिया था। व्यापारियों को कहीं किसी प्रकार की कोई परेशानी नहीं हो रही है, दिक्कत केवल कांग्रेस को हो रही है कि पैसा ऑनलाइन क्यों जा रहा है, सीधा आना चाहिए था।

प्रश्नकाल से गायब विपक्ष पर मुख्यमंत्री का कटाक्ष — अपने ही प्रश्नों के उत्तर सुनने सदन में नहीं आते विधायक

कांग्रेस के अधिकतर विधायकों द्वारा प्रश्नकाल के दौरान विधानसभा में उपस्थित न होने पर मुख्यमंत्री ने निशाना साधते हुए कहा कि विपक्ष इतना हताश और निराश हो गया है कि वे प्रश्न काल के दौरान अपने प्रश्न का जवाब सुनने के लिए भी सदन में नहीं आए हैं, तो वे प्रदेश की जनता के मुद्दों को प्रभावी ढंग से सदन में कैसे उठा पाएंगे।

Bharat Sarathi
Author: Bharat Sarathi

Leave a Comment

और पढ़ें

error: Content is protected !!