राजपूत वाटिका में भव्य आयोजन, संतों व समाज के गणमान्य लोगों ने नवदंपत्तियों को दिया सुखमय जीवन का आशीर्वाद

गुरुग्राम। स्वास्तिक फाउंडेशन की ओर से आयोजित भव्य सामूहिक विवाह समारोह में 16 बेटियां स्वास्तिक परिवार की दुआओं और आशीर्वाद के साथ भावुक पलों में अपने नए जीवन की शुरुआत के लिए विदा हुईं। राजपूत वाटिका में आयोजित इस समारोह में समाज के अनेक गणमान्य लोगों, संतों और सामाजिक कार्यकर्ताओं ने पहुंचकर नवविवाहित जोड़ों को आशीर्वाद दिया और उनके सुखमय वैवाहिक जीवन की कामना की।
समारोह में नशा मुक्त समाज, बेटी बचाओ-बेटी पढ़ाओ और बेटियों की शिक्षा को बढ़ावा देने का संदेश भी दिया गया। इस अवसर पर साध्वी आत्मा चेतना गिरी ने कार्यक्रम में पहुंचकर आशीर्वाद दिया, जबकि प्रसिद्ध कथा वाचक मोहित व्यास ने भी समारोह में शिरकत की। कार्यक्रम में उपस्थित सभी अतिथियों का मंच पर सम्मान किया गया।

स्वास्तिक फाउंडेशन के पदाधिकारी और सदस्य पिछले लगभग तीन महीनों से इस सामूहिक विवाह समारोह की तैयारियों में जुटे हुए थे। हर बार से अधिक भव्य आयोजन करने के संकल्प के साथ इस वर्ष का समारोह और अधिक आकर्षक रहा। जब एक साथ 16 दूल्हों की बारात ओल्ड दिल्ली रोड से निकली तो देखने वालों की भीड़ उमड़ पड़ी। भव्य रूप से सजाए गए रथ, डीजे और ढोल की थाप पर बाराती नाचते-गाते आगे बढ़ते रहे। बारात में विंटेज कारों को भी शामिल किया गया ताकि गरीब और मध्यमवर्गीय परिवारों के वर-वधू को अपनी शादी में किसी प्रकार की कमी महसूस न हो।
संस्था के संरक्षक बनवारी लाल सैनी और सुमेर सिंह तंवर ने बताया कि स्वास्तिक फाउंडेशन द्वारा आयोजित यह वार्षिक सामूहिक विवाह समारोह समाज सेवा की भावना से प्रेरित है, जिसका उद्देश्य हर बेटी के हाथ पीले करना और उसके वैवाहिक जीवन के सपने को साकार करना है, चाहे वह किसी भी आर्थिक वर्ग से क्यों न हो।

संस्था के चेयरमैन कश्मीर सिंह और महासचिव राजेश सैनी ने बताया कि स्वास्तिक फाउंडेशन ने वर्ष 2021 में पहला सामूहिक विवाह समारोह आयोजित किया था और तब से यह परंपरा लगातार जारी है। विवाह समारोह में नवदंपत्तियों को गृहस्थ जीवन के लिए आवश्यक सामग्री भी उपहार स्वरूप प्रदान की जाती है।
संस्था के अध्यक्ष राज सैनी बिसरवाल ने बताया कि इस बार का समारोह एक और वजह से भी खास रहा, क्योंकि पूरे आयोजन में नशे का पूर्णतः निषेध रखा गया। मदिरा पान पर सख्त रोक थी और सभी ने इसका पालन किया। उनका कहना था कि विवाह जैसे पवित्र अवसर पर नशा समाज में बाधा उत्पन्न करता है, इसलिए स्वास्तिक फाउंडेशन नशा मुक्त समाज की दिशा में भी काम कर रहा है।
समारोह के दौरान कलाकारों ने सांस्कृतिक प्रस्तुतियां देकर माहौल को उत्सवमय बना दिया। मंच पर एक साथ सभी जोड़ों की संगीत की धुनों और पुष्पवर्षा के बीच जयमाला कराई गई, जबकि इससे पहले रिंग सेरेमनी भी आयोजित की गई।
नवविवाहित जोड़ों को आशीर्वाद देने के लिए मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी की बहन संतोष सैनी भी कार्यक्रम में पहुंचीं। उन्होंने माता शीतला मंदिर से लाई गई चुनरियां बेटियों को ओढ़ाकर उन्हें आशीर्वाद दिया। समारोह में कैनविन फाउंडेशन के सह-संस्थापक नवीन गोयल, बार एसोसिएशन के पूर्व अध्यक्ष कुलभूषण भारद्वाज, रमेश चंद्र बख्शी, आरएसएस से जगदीश ग्रोवर, शिक्षाविद् डॉ. अशोक दिवाकर सहित अनेक गणमान्य लोगों ने अपनी उपस्थिति दर्ज कराई।








