स्मृति वाटिका में चला वृक्षारोपण अभियान, 100 से अधिक विद्यार्थियों ने किया पौधारोपण

👇समाचार सुनने के लिए यहां क्लिक करें

नगर निगम गुरुग्राम एवं सुशांत यूनिवर्सिटी के संयुक्त तत्वावधान में पर्यावरण संरक्षण का दिया संदेश

गुरुग्राम, 16 मार्च। नगर निगम गुरुग्राम एवं सुशांत यूनिवर्सिटी के संयुक्त तत्वावधान में सेक्टर-55 स्थित स्मृति वाटिका में वृक्षारोपण अभियान का आयोजन किया गया। इस अभियान के माध्यम से पर्यावरण संरक्षण का संदेश देते हुए बड़ी संख्या में लोगों ने पौधारोपण किया तथा उनके संरक्षण का संकल्प लिया। कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में नगर निगम गुरुग्राम के संयुक्त आयुक्त रविन्द्र मलिक उपस्थित रहे, जबकि विभिन्न सामाजिक संगठनों के प्रतिनिधियों और विद्यार्थियों ने भी अपनी सहभागिता दर्ज कराई।

कार्यक्रम को संबोधित करते हुए संयुक्त आयुक्त रविन्द्र मलिक ने कहा कि वर्तमान समय में पर्यावरण संरक्षण अत्यंत आवश्यक हो गया है। तेजी से बढ़ते शहरीकरण और प्रदूषण के कारण प्राकृतिक संतुलन प्रभावित हो रहा है। ऐसे में प्रत्येक नागरिक का कर्तव्य है कि वह अधिक से अधिक पौधे लगाए और उनके संरक्षण की जिम्मेदारी भी निभाए। उन्होंने कहा कि नगर निगम गुरुग्राम शहर को हरा-भरा और स्वच्छ बनाने के लिए निरंतर विभिन्न अभियान चला रहा है। यदि समाज के सभी वर्ग इन अभियानों में बढ़-चढ़कर भाग लें, तो निश्चित रूप से गुरुग्राम को एक हरित और स्वच्छ शहर बनाया जा सकता है।

उन्होंने कहा कि वृक्ष केवल पर्यावरण को शुद्ध ही नहीं करते, बल्कि मानव जीवन के लिए ऑक्सीजन, छाया और प्राकृतिक संतुलन बनाए रखने में भी महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं। इसलिए केवल पौधे लगाना ही पर्याप्त नहीं है, बल्कि उनकी नियमित देखभाल करना भी उतना ही आवश्यक है। उन्होंने सभी प्रतिभागियों से अपील की कि वे अपने आसपास अधिक से अधिक पौधे लगाकर पर्यावरण संरक्षण में योगदान दें।

कार्यक्रम में उपस्थित विशिष्ट अतिथियों ने भी अपने विचार व्यक्त करते हुए कहा कि पेड़-पौधे धरती की अमूल्य धरोहर हैं और इनके बिना स्वच्छ तथा स्वस्थ जीवन की कल्पना संभव नहीं है। उन्होंने कहा कि आज के समय में पर्यावरण संरक्षण को जनआंदोलन बनाने की आवश्यकता है, ताकि अधिक से अधिक लोग इससे जुड़ सकें। सभी ने मिलकर यह संदेश दिया कि यदि प्रत्येक व्यक्ति वर्ष में कम से कम एक पौधा लगाए और उसकी देखभाल करे, तो पर्यावरण संतुलन बनाए रखने में बड़ी मदद मिल सकती है।

इस अवसर पर सामाजिक कार्यकर्ता राखी शर्मा, शालू वर्मा, बुलंद आवाज़ वेलफेयर सोसाइटी की उपाध्यक्ष प्रिंका यादव तथा नगर निगम गुरुग्राम के स्वच्छता ब्रांड एंबेसडर कुलदीप हिन्दुस्तानी भी विशेष रूप से उपस्थित रहे। सभी अतिथियों ने स्मृति वाटिका में विभिन्न प्रजातियों के पौधे लगाकर पर्यावरण संरक्षण का संदेश दिया।

वृक्षारोपण अभियान में 100 से अधिक विद्यार्थियों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया। कार्यक्रम को सफल बनाने में नगर निगम गुरुग्राम की बागवानी टीम, सफाई निरीक्षक भूपेंद्र, सहायक सफाई निरीक्षक सतबीर, एचएमएस की टीम, सुशांत यूनिवर्सिटी के डॉ. आर.के. यादव, शादाब मलिक तथा विश्वविद्यालय के विद्यार्थियों का महत्वपूर्ण योगदान रहा। अंत में डॉ. आर.के. यादव ने सभी प्रतिभागियों का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि भविष्य में भी इसी प्रकार के पर्यावरण जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किए जाते रहेंगे, ताकि समाज में प्रकृति के प्रति जिम्मेदारी की भावना विकसित हो सके।

Bharat Sarathi
Author: Bharat Sarathi

Leave a Comment

और पढ़ें

error: Content is protected !!