गैस की मार से सुलगता गुरुग्राम: सिलेंडर हाथ में लेकर सड़कों पर उतरी कांग्रेस

👇समाचार सुनने के लिए यहां क्लिक करें

कांग्रेस ने एलपीजी की कमी और बढ़ती कीमतों पर सरकार को घेरा

ग्रामीण जिलाध्यक्ष वर्धन यादव बोले, महंगाई और किल्लत ने आम आदमी की रसोई बुझा दी

गुरुग्राम। देश में बढ़ती महंगाई, घरेलू और कमर्शियल गैस सिलेंडरों की किल्लत तथा लगातार बढ़ती कीमतों के विरोध में गुरुग्राम में कांग्रेस ने जोरदार शक्ति प्रदर्शन किया। प्रदर्शन का नेतृत्व हरियाणा कांग्रेस के कार्यकारी अध्यक्ष जितेंद्र भारद्वाज एवं ग्रामीण जिला अध्यक्ष वर्धन यादव ने किया, इस दौरान भाजपा सरकार के खिलाफ जमकर नारेबाजी की गई और बढ़ती महंगाई को लेकर सरकार की नीतियों पर तीखा हमला बोला गया।

प्रदेश कांग्रेस कार्यकारी अध्यक्ष जितेंद्र भारद्वाज ने कहा कि आज आम आदमी की रसोई महंगाई की आग में जल रही है। घरेलू गैस सिलेंडर के दाम लगातार बढ़ रहे हैं और सप्लाई भी घटती जा रही है, जिससे गरीब और मध्यम वर्ग का बजट पूरी तरह बिगड़ चुका है। उन्होंने कहा कि सरकार जनता की परेशानी को समझने के बजाय आंखें मूंदे बैठी है। एक तरफ गैस की उपलब्धता कम हो रही है और दूसरी ओर कीमतों में लगातार बढ़ोतरी हो रही है। इससे आम परिवारों के लिए रसोई चलाना मुश्किल होता जा रहा है।

कांग्रेस ग्रामीण जिला अध्यक्ष वर्धन यादव ने कहा कि गैस सिलेंडरों की किल्लत का असर सिर्फ घरों तक सीमित नहीं है, बल्कि होटल, ढाबे और रेस्टोरेंट जैसे छोटे कारोबार भी इसकी चपेट में आ गए हैं। कमर्शियल सिलेंडरों की कमी के कारण कई जगह कामकाज प्रभावित हो रहा है और हजारों लोगों के रोजगार पर खतरा मंडरा रहा है। उन्होंने आरोप लगाया कि गैस की सप्लाई में गड़बड़ी और कालाबाजारी पर सरकार लगाम लगाने में पूरी तरह नाकाम रही है। नतीजा यह है कि आम जनता सिलेंडर के लिए दर-दर भटक रही है, जबकि बाजार में कीमतें लगातार बढ़ती जा रही हैं। झूठे वादों और महंगाई की सरकार कांग्रेस नेताओं ने कहा कि भाजपा सरकार ने जनता से राहत के बड़े-बड़े वादे किए थे, लेकिन आज स्थिति यह है कि महंगाई हर घर का बजट तोड़ रही है। रसोई गैस सिलेंडर की कीमतों में लगातार हो रही बढ़ोतरी सरकार की विफल आर्थिक नीतियों को उजागर करती है। उन्होंने कहा कि सरकार की प्राथमिकताओं में आम आदमी कहीं नजर नहीं आता। जनता महंगाई और बेरोजगारी से जूझ रही है, लेकिन सरकार सिर्फ घोषणाओं और प्रचार में व्यस्त है।

विदेश नीति पर भी साधा निशाना

वर्धन यादव ने केंद्र सरकार की विदेश नीति पर भी सवाल उठाते हुए कहा कि मौजूदा हालात सरकार की कूटनीतिक विफलता को भी दर्शाते हैं। उन्होंने कहा कि कांग्रेस शासन के दौरान भारत के अन्य देशों के साथ मजबूत और मित्रतापूर्ण संबंध थे, जिससे कभी ऐसी स्थिति पैदा नहीं हुई। उन्होंने आरोप लगाया कि वर्तमान सरकार की नीतियों के कारण देश कई मोर्चों पर चुनौतियों का सामना कर रहा है। प्रदर्शन के दौरान कांग्रेस नेताओं ने चेतावनी दी कि यदि गैस सिलेंडरों की कीमतों में बढ़ोतरी और सप्लाई की कमी पर जल्द नियंत्रण नहीं किया गया तो पार्टी आने वाले समय में और बड़े आंदोलन छेड़ेगी।

प्रदर्शन में अनुसूचित विभाग के प्रदेश उपाध्यक्ष अनिल धानक, महिला कांग्रेस अध्यक्ष शैलजा भाटिया, पूजा शर्मा, ओबीसी विभाग जिलाध्यक्ष सनी यादव, सेवादल अध्यक्ष कृष्ण सैनी, पीसीसी सदस्य पंकज भारद्वाज, जिला उपाध्यक्ष मुकेश पवन चौधरी, सतबीर पहलवान, सतपाल शर्मा, वरिष्ठ कांग्रेस नेता मुकेश शर्मा, युवा नेता कुलदीप गुर्जर, प्रदेश प्रवक्ता सुखबीर तंवर, जिला महासचिव राजकुमार यादव, संजय भारद्वाज एवं विवेक कटारिया सहित सैकड़ों की संख्या में कार्यकर्ता उपस्थित रहे।

Bharat Sarathi
Author: Bharat Sarathi

Leave a Comment

और पढ़ें

error: Content is protected !!