मिनिमम वेज, 8 घंटे कार्यदिवस, सेवा सुरक्षा और गिरफ्तार मजदूरों की रिहाई की उठाई मांग; विभिन्न जनसंगठनों ने जताई एकजुटता

गुरुग्राम, 2 मार्च 2026 – सेंट्रल ऑफ इंडियन ट्रेड यूनियन (सीटू), सर्व कर्मचारी संघ, जनवादी महिला समिति, ज्ञान विज्ञान समिति तथा ऑल इंडिया लॉयर्स यूनियन ने राज्य कमेटी के आह्वान पर सोमवार को पानीपत स्थित तेल शोधक कारखाना/रिफाइनरी में पिछले एक सप्ताह से जारी हड़ताल के समर्थन में तहसीलदार को मांगों का ज्ञापन सौंपा।
ज्ञापन के माध्यम से संगठनों ने हड़तालरत मजदूरों की मांगों का शीघ्र समाधान करने की मांग की। प्रतिनिधिमंडल ने कहा कि मजदूरों पर दमनात्मक कार्रवाई बंद की जाए तथा उनकी वैध मांगों को गंभीरता से स्वीकार किया जाए।
ज्ञापन में प्रमुख रूप से न्यूनतम वेतन लागू करने, कार्य के घंटे 8 निर्धारित करने, वेतन वृद्धि, सेवा सुरक्षा सुनिश्चित करने, कार्यस्थल पर विश्रामगृह, शौचालय और स्वच्छ पेयजल की समुचित व्यवस्था करने की मांग उठाई गई। इसके अतिरिक्त मजदूरों पर हो रही उत्पीड़नात्मक कार्रवाइयों को रोकने, रिफाइनरी से निकाले गए सभी मजदूरों को पुनः नौकरी पर लेने तथा गिरफ्तार किए गए मजदूरों को रिहा कर झूठे मुकदमे वापस लेने की भी मांग की गई।
नेताओं ने कहा कि मजदूरों को इंसान की श्रेणी में मानते हुए उनके श्रम और अधिकारों का सम्मान किया जाना चाहिए। उन्होंने चेतावनी दी कि यदि मांगों पर सकारात्मक कार्रवाई नहीं की गई तो आंदोलन को और व्यापक किया जाएगा।
इस अवसर पर सीटू जिला प्रधान सुरेश नौहरा, सर्व कर्मचारी संघ जिला प्रधान बसंत कुमार, जनवादी महिला समिति की उषा सरोहा, ज्ञान विज्ञान समिति के ईश्वर नास्तिक, ऑल इंडिया लॉयर्स यूनियन के जिला प्रधान राजेंद्र पाठक, सचिव विनोद भारद्वाज तथा गुरजिंदर सिंह सहित अन्य पदाधिकारी उपस्थित रहे।









