प्रशासनिक कार्यों में पारदर्शिता और जवाबदेही सुनिश्चित – विक्रम सिंह

👇समाचार सुनने के लिए यहां क्लिक करें

डीएचबीवीएन में प्रशासनिक अनुशासन सख्त, सामग्री वापसी व ऑडिट निपटान के निर्देश जारी

गुरुग्राम, 27 फरवरी 2026। विक्रम सिंह, प्रबंध निदेशक, दक्षिण हरियाणा बिजली वितरण निगम (डीएचबीवीएन) ने सभी अधिकारियों एवं कर्मचारियों को प्रशासनिक कार्यों में पूर्ण पारदर्शिता और जवाबदेही सुनिश्चित करने के लिए स्पष्ट एवं कड़े निर्देश जारी किए हैं।

उन्होंने निर्देश दिए कि फील्ड में क्षतिग्रस्त ट्रांसफार्मर एवं अन्य सामग्री को अधिकतम एक माह के भीतर संबंधित स्टोर में अनिवार्य रूप से जमा कराया जाए। निर्धारित समय सीमा में सामग्री जमा न कराने की स्थिति में संबंधित अधिकारी की जवाबदेही तय की जाएगी।

इसके अतिरिक्त, सेवानिवृत्त अथवा स्थानांतरित हो रहे अधिकारियों एवं कर्मचारियों को समयबद्ध तरीके से अनापत्ति प्रमाण पत्र (नो ड्यूज सर्टिफिकेट – एनडीसी) जारी करने के निर्देश दिए गए हैं, ताकि प्रशासनिक प्रक्रियाएं लंबित न रहें और कार्य सुचारु रूप से संचालित हो सके।

प्रबंध निदेशक ने यह भी स्पष्ट किया कि लंबित ऑडिट पैरा का प्राथमिकता के आधार पर शीघ्र निपटान सुनिश्चित किया जाए। सभी संबंधित शाखाओं को निर्देशित किया गया है कि ऑडिट आपत्तियों के समाधान में अनावश्यक विलंब न किया जाए तथा निर्धारित समय-सीमा में अनुपालन रिपोर्ट प्रस्तुत की जाए।

उन्होंने कहा कि इन निर्देशों का मुख्य उद्देश्य कार्यप्रणाली में सुधार लाना, जवाबदेही को सुदृढ़ करना तथा निगम में वित्तीय अनुशासन को और अधिक प्रभावी बनाना है। बैठक में मुख्यालय के अनेक अधिकारी व्यक्तिगत रूप से उपस्थित रहे, जबकि फील्ड के सभी अधिकारी ऑनलाइन माध्यम से जुड़े।

Bharat Sarathi
Author: Bharat Sarathi

Leave a Comment

और पढ़ें

error: Content is protected !!