रिसर्च और एआई पर बड़ा दांव: हरियाणा में स्टेट रिसर्च फंड और ‘हरियाणा ए.आई. मिशन’ की तैयारी: मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी

👇समाचार सुनने के लिए यहां क्लिक करें

संसाधनों की कमी से अटके आइडियाज को मिलेगा सहारा, कॉलेजों-विश्वविद्यालयों में शोध को बढ़ावा

विश्व बैंक से 474 करोड़ रुपये की सहायता का आश्वासन, एआई आधारित नीतियों पर जोर

गुरुग्राम और पंचकूला में स्थापित होंगे एआई हब, 50 हजार युवाओं को मिलेगा प्रशिक्षण

चंडीगढ़, 27 फरवरी – हरियाणा के मुख्यमंत्री श्री नायब सिंह सैनी ने कहा कि कई बेहतरीन आइडिया संसाधनों की कमी से पूरे नहीं हो पाते। ऐसे में इन आइडियाज को हकीकत में बदलने के लिए सरकार ने ‘हरियाणा स्टेट रिसर्च फंड’ स्थापित करने का निर्णय लिया है। यह कॉलेजों और विश्वविद्यालयों में शोध को बढ़ावा देने के लिए 20 करोड़ रुपये के शुरुआती कोष से स्थापित किया जाएगा।

मुख्यमंत्री शुक्रवार को हरियाणा विधानसभा में चल रहे बजट सत्र के दौरान राज्यपाल के अभिभाषण पर विपक्षियों द्वारा रखी गई बातों पर जवाब दे रहे थे। उन्होंने कहा कि भारत प्रधानमंत्री श्री नरेंद्र मोदी के कुशल मार्गदर्शन में एआई अनुसंधान और विकास को अपना रहा है। यह तकनीक अब सिर्फ भविष्य की कल्पना नहीं रही, बल्कि आज यह हमारे घरों, स्कूलों, अस्पतालों, उद्योगों और प्रशासनिक प्रणालियों में गहरी पैठ बना चुकी है।

उन्होंने कहा कि सरकार हरियाणा में ए.आई. के उपयोग को प्रोत्साहित कर रही है। इसमें सरकार नीतियों को तकनीकी नवाचार के साथ मानव-केंद्रित दृष्टिकोण पर आधारित कर रही है, ताकि ए.आई. का लाभ अत्यंत सुरक्षित, समावेशी तथा न्यायसंगत रूप से सभी तक पहुंचे। इसलिए ‘हरियाणा ए.आई. मिशन’ की स्थापना का प्रस्ताव है। इसके लिए विश्व बैंक ने प्रदेश सरकार को 474 करोड़ रुपये की सहायता देने का आश्वासन दिया है।

मुख्यमंत्री ने कहा कि इस मिशन के तहत गुरुग्राम और पंचकूला में एक-एक ‘हब’ स्थापित किया जाएगा, जहां 50 हजार युवाओं को नई तकनीकों में प्रशिक्षित किया जाएगा। इसका सीधा लाभ स्टार्टअप्स को कुशल कार्यबल के रूप में मिलेगा।

Bharat Sarathi
Author: Bharat Sarathi

Leave a Comment

और पढ़ें