भाजपा शासन में धान घोटाला हरियाणा के किसानों पर डाका : आदित्य सुरजेवाला

👇समाचार सुनने के लिए यहां क्लिक करें

कहा : भाजपा द्वारा मंडियों में नकली गेट पास बनाकर और फर्जी तरीके से बाहरी राज्यों से हरियाणा की मंडियों में लाकर एमएसपी पर खरीदा जा रहा

विधानसभा बजट सत्र में विधायक आदित्य सुरजेवाला ने धान घोटाले को लेकर सरकार को घेरा

आदित्य सुरजेवाला ने की धान घोटाले की सीबीआई जांच की माँग

चंडीगढ़, 27 फरवरी 2026 – हरियाणा विधानसभा के बजट सत्र के छठे दिन विपक्ष की तरफ़ से कैथल विधायक आदित्य सुरजेवाला ने धान खरीद घोटाले (पैडी स्कैम) को लेकर भाजपा पर जोरदार हमला बोला। विधायक आदित्य सुरजेवाला ने अपने अभिभाषण में सरकार को कठघरे में खड़ा करते हुए कहा कि आज हरियाणा के किसानों का हक मारा जा रहा है। यह धान घोटाला कोई छोटी-मोटी अनियमितता नहीं, बल्कि उच्च स्तर का राजनीतिक संरक्षण वाला बड़ा घोटाला है।

सुरजेवाला ने घोटाले की जड़ को इलीगल बॉर्डर क्रॉसिंग बताते हुए आरोप लगाया कि उत्तर प्रदेश और बिहार से सस्ता धान अवैध रूप से हरियाणा लाया जा रहा है। नकली गेट पास बनाकर और फर्जी तरीके से इसे हरियाणा की मंडियों में लाकर एमएसपी पर खरीदा जा रहा है। इससे स्थानीय किसानों की फसल का सही दाम नहीं मिल पा रहा और उनकी मेहनत पर डाका डाला जा रहा है।

विधायक आदित्य सुरजेवाला ने सदन में सरकार से सवाल करते हुए कहा कि इतने बड़े स्तर पर बाहर से धान आने और गेट पास जारी होने की अनुमति किसने दी? यह बिना राजनीतिक मिलीभगत के संभव नहीं। हजारों टन अवैध धान पर कितना कमीशन लिया गया? किसानों को उनका हक क्यों नहीं मिल रहा?

आदित्य सुरजेवाला ने याद दिलाया कि कांग्रेस पार्टी ने पहले भी इसकी शिकायत की थी, लेकिन सरकार ने आंखें मूंद लीं।

आदित्य सुरजेवाला ने भाजपा सरकार से मांग की कि सरकार स्पष्ट करे – क्या जांच होगी? क्या सीबीआई या एसआईटी जांच होगी? या फिर दोषियों को बचाने की कोशिश जारी रहेगी?

उन्होंने इसे किसानों के खिलाफ घोटाला करार देते हुए कहा कि सरकार एमएसपी की गारंटी देती है, लेकिन बाहर का धान लाकर स्थानीय किसान को चोट पहुंचा रही है।

मुख्यमंत्री नायब सैनी ने इस धान घोटाले जवाब देने की बजाय अपनी चुप्पी साध ली।

Bharat Sarathi
Author: Bharat Sarathi

Leave a Comment

और पढ़ें