गुरुग्राम, 20 फरवरी। जन सुविधाओं को सुदृढ़ करने और नागरिक-केंद्रित शासन को मजबूती देने की दिशा में हरियाणा सरकार द्वारा चलाए जा रहे राज्यव्यापी ‘जलसा-ए-आम’ अभियान के तहत गुरुग्राम जिले में सिविल मामलों के म्यूटेशन (इंतकाल) के निपटान के लिए 21 फरवरी को सभी तहसीलों में विशेष शिविर आयोजित किए जा रहे हैं। अभियान का उद्देश्य लंबित म्यूटेशन मामलों का सरल, त्वरित और पारदर्शी तरीके से समयबद्ध निपटान सुनिश्चित करना है।
डीसी अजय कुमार ने जानकारी देते हुए बताया कि इन विशेष शिविरों में संबंधित राजस्व अधिकारी एवं कर्मचारी उपस्थित रहेंगे और दस्तावेजों की मौके पर जांच कर पात्र मामलों में म्यूटेशन प्रक्रिया को प्राथमिकता के आधार पर पूर्ण किया जाएगा। उन्होंने बताया कि जिन नागरिकों के सिविल न्यायालय से संबंधित म्यूटेशन लंबित हैं अथवा इंतकाल दर्ज करवाना है, वे प्रातः 10:00 बजे से दोपहर 3:00 बजे तक अपने संबंधित पटवारी कार्यालय में आवश्यक दस्तावेजों सहित उपस्थित हों। पूर्ण दस्तावेज वाले मामलों का निपटान यथासंभव उसी दिन किया जाएगा, जबकि अपूर्ण प्रकरणों में आवश्यक दस्तावेजों की जानकारी संबंधित पक्ष को प्रदान की जाएगी।
अभियान के अंतर्गत जिला के सभी पटवारी अपने-अपने हलकों में लंबित इंतकालों की समीक्षा कर उनकी प्रगति रिपोर्ट संबंधित तहसील कार्यालय के माध्यम से जिला प्रशासन को भेजेंगे। डीसी अजय कुमार ने नागरिकों से अपील की है कि वे इस विशेष अवसर का लाभ उठाकर अपने लंबित राजस्व मामलों का शीघ्र निपटान करवाएं।


