जोन स्तर पर बनेगा सेनिटेशन मॉनिटरिंग सेल, सफाई व्यवस्था पर कड़ी नजर

👇समाचार सुनने के लिए यहां क्लिक करें

निगमायुक्त प्रदीप दहिया की अध्यक्षता में आयोजित समीक्षा बैठक में लिया निर्णय, जोन के संयुक्त आयुक्त होंगे एसएमसी के इंचार्ज

गुरुग्राम, 20 फरवरी। शहर की सफाई व्यवस्था को अधिक प्रभावी, पारदर्शी और जवाबदेह बनाने के लिए नगर निगम गुरुग्राम ने जोन स्तर पर सेनिटेशन मॉनिटरिंग सेल (एसएमसी) के गठन का निर्णय लिया है। प्रत्येक जोन में गठित इस सेल का नेतृत्व संबंधित जोन के संयुक्त आयुक्त करेंगे, जो अपने-अपने क्षेत्र में सफाई व्यवस्था की प्रतिदिन निगरानी सुनिश्चित करेंगे।

यह निर्देश शुक्रवार को निगम कार्यालय में आयोजित सेनिटेशन रिव्यू मीटिंग में निगमायुक्त प्रदीप दहिया की अध्यक्षता में दिए गए। बैठक में अधिकारियों को स्पष्ट निर्देश दिए गए कि सफाई व्यवस्था में किसी भी प्रकार की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी।

रैपिड सर्वे कर वास्तविक स्थिति का आकलन करेगा एसएमसी

निगमायुक्त ने बताया कि जोन-वार गठित सेनिटेशन मॉनिटरिंग सेल अपने क्षेत्र में रैपिड सर्वे करेगा, जिससे सफाई व्यवस्था की वास्तविक स्थिति का आकलन किया जा सके। यह सेल सफाई कर्मचारियों की उपस्थिति, उनकी कार्यप्रणाली तथा क्षेत्र में तैनात सफाई वाहनों की नियमित मॉनिटरिंग करेगा। साथ ही सहायक सफाई निरीक्षकों (एएसआई) के कार्यों की भी निगरानी की जाएगी, ताकि फील्ड स्तर पर जिम्मेदारी तय हो सके और कार्य में सुधार सुनिश्चित किया जा सके।

गार्बेज वर्नेबल पॉइंट्स से नियमित कचरा उठान पर विशेष ध्यान

एसएमसी द्वारा शहर के गार्बेज वर्नेबल पॉइंट्स (जीवीपी) से समय पर कचरा उठान सुनिश्चित कराया जाएगा। निगमायुक्त ने कहा कि कहीं भी कचरे का ढेर लंबे समय तक नहीं रहना चाहिए, क्योंकि इससे स्वच्छता और स्वास्थ्य दोनों पर प्रतिकूल प्रभाव पड़ता है। सेल यह भी सुनिश्चित करेगा कि प्रत्येक क्षेत्र में सफाई कार्य निर्धारित मानकों के अनुसार हो और नागरिकों को स्वच्छ वातावरण मिल सके।

शिकायतों के समयबद्ध समाधान और चालानिंग कार्य की भी निगरानी

सेनिटेशन मॉनिटरिंग सेल नागरिकों से प्राप्त शिकायतों के त्वरित और समयबद्ध समाधान की निगरानी करेगा। इसके अलावा कचरा फैलाने, अवैध डंपिंग और स्वच्छता नियमों के उल्लंघन पर चालानिंग कार्यवाही पर भी नजर रखी जाएगी।

“स्वच्छ गुरुग्राम के लिए जवाबदेही जरूरी” — निगमायुक्त

निगमायुक्त प्रदीप दहिया ने कहा कि शहर को स्वच्छ और स्वस्थ बनाए रखने के लिए फील्ड स्तर पर प्रभावी मॉनिटरिंग और जवाबदेही अत्यंत आवश्यक है। जोन स्तर पर एसएमसी के गठन से सफाई व्यवस्था में सुधार आएगा, कार्यों की नियमित समीक्षा होगी और नागरिकों को बेहतर सेवाएं मिलेंगी। उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिए कि सेल की कार्यप्रणाली को तुरंत प्रभाव से लागू किया जाए तथा प्रतिदिन की प्रगति रिपोर्ट भी सुनिश्चित की जाएगी, ताकि शहर में स्वच्छता व्यवस्था को और मजबूत बनाया जा सके।

Bharat Sarathi
Author: Bharat Sarathi

Leave a Comment

और पढ़ें