गुरुग्राम में फर्जी इंश्योरेंस क्लेम रैकेट का भंडाफोड़, 3 आरोपी गिरफ्तार

👇समाचार सुनने के लिए यहां क्लिक करें

मुख्यमंत्री उड़नदस्ते की कार्रवाई के बाद पुलिस का सर्च ऑपरेशन, 60 से अधिक नकली क्लेम फाइलें बरामद

गुरुग्राम, 19 फरवरी 2026। गुरुग्राम में फर्जी तरीके से इंश्योरेंस बिल क्लेम कर लाखों रुपये हड़पने वाले एक अस्पताल का भंडाफोड़ हुआ है। मामले में थाना बजघेड़ा पुलिस ने कार्रवाई करते हुए 03 आरोपियों को गिरफ्तार किया है और बड़ी संख्या में फर्जी दस्तावेज बरामद किए हैं।

जानकारी के अनुसार, मई 2025 में मुख्यमंत्री उड़नदस्ते द्वारा Galaxy One Hospital, निहाल कॉलोनी, न्यू पालम विहार, गुरुग्राम में फर्जी इंश्योरेंस क्लेम की शिकायत पर रेड की गई थी। जांच के दौरान सामने आया कि अस्पताल में एक डॉक्टर अपने नाम के आगे एमबीबीएस/एम.डी.एम.ए लिख रहा था, जबकि उसके पास एम.डी. की डिग्री नहीं थी। साथ ही, आईपीडी रजिस्टर में फर्जी एंट्री कर झूठे इंश्योरेंस क्लेम दाखिल किए जा रहे थे।

इस संबंध में 14 फरवरी 2026 को थाना बजघेड़ा में मुख्यमंत्री उड़नदस्ते की शिकायत पर संबंधित धाराओं के तहत मामला दर्ज किया गया।

18 फरवरी 2026 को पुलिस उपायुक्त पश्चिम श्री करण गोयल के मार्गदर्शन और सहायक पुलिस आयुक्त पश्चिम श्री अभिलक्ष जोशी के नेतृत्व में थाना बजघेड़ा की टीम, सिविल अस्पताल के डॉक्टर, साइबर एक्सपर्ट और ड्रग कंट्रोल ऑफिसर को साथ लेकर अस्पताल में सर्च ऑपरेशन चलाया गया।

सर्च के दौरान करीब 25 इंश्योरेंस कंपनियों से संबंधित लगभग 60 नकली इंश्योरेंस क्लेम फाइलें बरामद हुईं। जांच में खुलासा हुआ कि फर्जी बेनिफिशियरी के साथ मिलीभगत कर बिना वास्तविक भर्ती के नकली IPD एडमिशन दिखाए गए। नकली मेडिकल रिकॉर्ड, लैब रिपोर्ट और फार्मेसी/ट्रीटमेंट बिल तैयार कर इंश्योरेंस कंपनियों से क्लेम राशि प्राप्त की जाती थी, जिसे अस्पताल प्रबंधन और संबंधित व्यक्तियों के बीच बांट लिया जाता था।

टीम ने दयानंद कॉलोनी स्थित लैब्सवेल में भी सर्च की, जहां से नकली लैब रिपोर्ट और अन्य दस्तावेज बरामद हुए।

कार्रवाई के दौरान अस्पताल परिसर से 03 आरोपियों—सपना, वर्षा और गौरव—को गिरफ्तार किया गया। तीनों अस्पताल कर्मचारी बताए गए हैं और फर्जी इंश्योरेंस क्लेम में सहयोगी थे।

पुलिस ने मौके से भारी मात्रा में फर्जी दस्तावेज जब्त किए हैं। मामले में अन्य साजिशकर्ताओं की पहचान की जा रही है और जांच जारी है। अभियोग फिलहाल अनुसंधानाधीन है।

Bharat Sarathi
Author: Bharat Sarathi

Leave a Comment

और पढ़ें