जापान के प्रतिष्ठित विश्वविद्यालयों से शैक्षणिक सहयोग पर हुई चर्चा, दीक्षांत समारोह को लेकर भी विचार-विमर्श
थानेसर, 19 फरवरी (प्रमोद कौशिक/संजीव कुमारी): कुरुक्षेत्र विश्वविद्यालय के कुलगुरु प्रो. सोमनाथ सचदेवा ने हरियाणा के माननीय राज्यपाल एवं विश्वविद्यालय के कुलाधिपति प्रो. असीम कुमार घोष से शिष्टाचार भेंट की।
इस अवसर पर कुलगुरु प्रो. सचदेवा ने अपनी हाल ही में सम्पन्न जापान यात्रा की जानकारी राज्यपाल को दी। उन्होंने बताया कि जापान के प्रमुख शैक्षणिक संस्थानों— टोक्यो विश्वविद्यालय, ओसाका विश्वविद्यालय तथा क्योटो विश्वविद्यालय—के साथ शिक्षा एवं शोध के क्षेत्र में सहयोग और शैक्षणिक आदान-प्रदान की व्यापक संभावनाएं हैं। इस दिशा में भविष्य में संयुक्त शोध परियोजनाओं, फैकल्टी एवं छात्र विनिमय कार्यक्रमों को बढ़ावा देने पर भी चर्चा की गई।
भेंट के दौरान विश्वविद्यालय के आगामी एक-दो महीनों में प्रस्तावित दीक्षांत समारोह एवं संभावित मुख्य अतिथि को लेकर भी विचार-विमर्श हुआ।
राज्यपाल प्रो. असीम कुमार घोष ने कहा कि कुरुक्षेत्र विश्वविद्यालय शिक्षा, शोध एवं अनुसंधान, विज्ञान, खेल और सांस्कृतिक गतिविधियों सहित विभिन्न क्षेत्रों में सराहनीय कार्य कर रहा है। उन्होंने विश्वविद्यालय की निरंतर प्रगति पर प्रसन्नता व्यक्त करते हुए आश्वस्त किया कि उनका मार्गदर्शन और आशीर्वाद सदैव विश्वविद्यालय के साथ रहेगा। साथ ही उन्होंने विश्वविद्यालय को राष्ट्रीय एवं अंतरराष्ट्रीय स्तर पर और अधिक उत्कृष्टता प्राप्त करने हेतु सतत प्रयास करने का आह्वान किया।








