
चंडीगढ़, 19 फरवरी। हरियाणा विधानसभा का बजट सत्र 20 फरवरी से आरंभ होकर 18 मार्च तक चलेगा। यह निर्णय विधानसभा अध्यक्ष हरविन्द्र कल्याण की अध्यक्षता में आयोजित कार्य सलाहकार समिति की बैठक में लिया गया। समिति की रिपोर्ट शुक्रवार को सदन में प्रस्तुत की जाएगी, जिस पर सदन विचार कर स्वीकृति प्रदान करेगा।
बजट सत्र का शुभारंभ 20 फरवरी को प्रातः 11 बजे महामहिम राज्यपाल के अभिभाषण से होगा। पहले दिन शोक प्रस्ताव भी प्रस्तुत किए जाएंगे। 21 और 22 फरवरी को सदन की बैठक नहीं होगी। 23 फरवरी को सदन की कार्यवाही दोपहर 2 बजे आरंभ होगी।

24 से 27 फरवरी तक सदन की बैठकें प्रातः 11 बजे प्रारंभ होंगी। 27 फरवरी को मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी राज्यपाल के अभिभाषण पर धन्यवाद प्रस्ताव का उत्तर देंगे। इसी क्रम में 2 मार्च को मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी वित्त मंत्री के रूप में राज्य का बजट प्रस्तुत करेंगे। बजट पर कई दिनों तक चर्चा के उपरांत प्रस्ताव पर मतदान होगा। 17 मार्च को बजट अनुमान पर मतदान निर्धारित है।
सत्र के दौरान प्रश्नकाल और शून्यकाल भी आयोजित किए जाएंगे। विस्तृत कार्यसूची सदन की स्वीकृति के बाद साझा की जाएगी।
कार्य सलाहकार समिति की बैठक में मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी, संसदीय कार्य मंत्री महिपाल ढांडा, सामाजिक न्याय, सशक्तिकरण, अनुसूचित जाति एवं पिछड़ा वर्ग कल्याण तथा अंत्योदय (सेवा) मंत्री कृष्ण कुमार बेदी, नेता प्रतिपक्ष भूपेंद्र सिंह हुड्डा, विधायक गीता भुक्कल, विधानसभा उपाध्यक्ष डॉ. कृष्ण लाल मिड्ढा, विधायक सावित्री जिंदल और अर्जुन चौटाला उपस्थित रहे।







