मनरेगा पर निर्णायक संग्राम: 25 फरवरी को विधानसभा का ऐतिहासिक घेराव करेगी हरियाणा कांग्रेस – राव नरेंद्र सिंह

👇समाचार सुनने के लिए यहां क्लिक करें

चंडीगढ़, 19 फरवरी 2026 – मनरेगा में किए गए बदलावों को लेकर हरियाणा कांग्रेस ने सरकार के खिलाफ आर-पार की लड़ाई का ऐलान कर दिया है। हरियाणा प्रदेश कांग्रेस कमेटी के अध्यक्ष राव नरेंद्र सिंह के नेतृत्व में कांग्रेस पार्टी 25 फरवरी 2026 को हरियाणा विधानसभा का ऐतिहासिक और व्यापक घेराव करेगी। इसे ‘मनरेगा बचाओ संग्राम’ का निर्णायक चरण बताया जा रहा है।

प्रदेशाध्यक्ष राव नरेंद्र सिंह ने कहा कि यह घेराव केंद्र की नरेंद्र मोदी सरकार और राज्य की भाजपा सरकार की उस साजिश के खिलाफ है, जिसके तहत महात्मा गांधी राष्ट्रीय ग्रामीण रोजगार गारंटी अधिनियम (मनरेगा) को कमजोर किया जा रहा है। उन्होंने कहा कि यह केवल प्रदर्शन नहीं, बल्कि ग्रामीण भारत, गरीबों और मजदूरों के अधिकारों की रक्षा का संकल्प है।

दिग्गज नेताओं की मौजूदगी में होगा घेराव

राव नरेंद्र सिंह ने जानकारी दी कि अखिल भारतीय कांग्रेस कमेटी के निर्देशानुसार इस विधानसभा घेराव में प्रदेश प्रभारी बी.के. हरिप्रसाद, नेता प्रतिपक्ष भूपेंद्र सिंह हुड्डा, सांसद कुमारी सैलजा, रणदीप सिंह सुरजेवाला, दीपेंद्र सिंह हुड्डा, सह-प्रभारी जितेंद्र बघेल, प्रफुल्ल गुड्ढे सहित सभी सांसद, विधायक, पूर्व विधायक, जिला अध्यक्ष और हजारों कार्यकर्ता भाग लेंगे।

उन्होंने भाजपा सरकार पर आरोप लगाते हुए कहा कि मनरेगा के तहत ग्रामीण श्रमिकों को काम और भुगतान दोनों स्तरों पर ठगा जा रहा है। महीनों तक भुगतान लंबित रहना, पर्याप्त काम न मिलना और प्रशासनिक उदासीनता ने लाखों गरीब परिवारों को संकट में डाल दिया है। यह सरकार की गांव-विरोधी और मजदूर-विरोधी नीतियों का परिणाम है।

“अंतिम सांस तक लड़ेंगे” – राव नरेंद्र सिंह

प्रदेशाध्यक्ष ने स्पष्ट कहा कि कांग्रेस पार्टी हरियाणा के श्रमिकों, किसानों और गरीब परिवारों के अधिकारों की इस लड़ाई को अंतिम सांस तक लड़ेगी। भाजपा सरकार को जन-विरोधी नीतियों का जवाब देना ही होगा।

उन्होंने यह भी स्पष्ट किया कि 25 फरवरी का विधानसभा घेराव पूर्णतः शांतिपूर्ण, संवैधानिक और लोकतांत्रिक होगा। प्रदेशभर से हजारों कांग्रेस कार्यकर्ता और मनरेगा से जुड़े श्रमिक इसमें शामिल होंगे। यह घेराव सरकार की नीतियों के खिलाफ जनाक्रोश का बड़ा प्रदर्शन साबित होगा।

राहुल गांधी को धमकी पर कड़ी प्रतिक्रिया

वहीं, नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी को जान से मारने की धमकी के मामले पर भी राव नरेंद्र सिंह ने तीखी प्रतिक्रिया व्यक्त की। उन्होंने कहा कि यह न केवल जघन्य अपराध है, बल्कि लोकतांत्रिक मूल्यों और संवैधानिक व्यवस्था पर सीधा हमला है।

उन्होंने अफसोस जताया कि अब तक न तो एफआईआर दर्ज की गई है और न ही कोई ठोस कार्रवाई की गई है। उन्होंने मांग की कि मामले में तत्काल एफआईआर दर्ज कर दोषी के खिलाफ सख्त कार्रवाई सुनिश्चित की जाए, ताकि कानून का राज कायम रहे और लोकतांत्रिक मर्यादाओं की रक्षा हो सके।

हरियाणा कांग्रेस ने स्पष्ट कर दिया है कि ‘मनरेगा बचाओ संग्राम’ अब निर्णायक मोड़ पर पहुंच चुका है और 25 फरवरी का विधानसभा घेराव इस संघर्ष का बड़ा पड़ाव साबित होगा।

Bharat Sarathi
Author: Bharat Sarathi

Leave a Comment

और पढ़ें