ज्ञापन सौंपकर उठाए किसान, बुजुर्ग और युवाओं से जुड़े मुद्दे; सरकार पर संवैधानिक मूल्यों की अनदेखी का आरोप

चंडीगढ़, 16 फरवरी। हरियाणा प्रदेश कांग्रेस कमेटी ने मौजूदा सरकार की जनविरोधी नीतियों के विरोध में प्रदेश के सभी जिला मुख्यालयों पर जोरदार धरना-प्रदर्शन किया। जिला कांग्रेस अध्यक्षों के नेतृत्व में आयोजित इन प्रदर्शनों के दौरान उपायुक्तों के माध्यम से राष्ट्रपति के नाम ज्ञापन सौंपे गए। प्रदर्शनकारियों ने सरकार के खिलाफ नारेबाजी करते हुए विभिन्न नीतियों को आमजन, किसान, बुजुर्ग और युवाओं के हितों के प्रतिकूल बताया।
यह जानकारी देते हुए राव नरेंद्र सिंह ने कहा कि भाजपा सरकार तुगलकी फरमानों के जरिए जनता को अनावश्यक रूप से परेशान कर रही है। उन्होंने आरोप लगाया कि भारतीय संविधान की मूल भावना—समानता, न्याय और जनकल्याण—सरकार की नीतियों से आहत हो रही है।

प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष ने भारत–अमेरिका ट्रेड डील को देश की कृषि अर्थव्यवस्था और किसानों के हितों के विरुद्ध बताते हुए कहा कि इस समझौते के माध्यम से विदेशी कंपनियों को भारतीय बाजार में अनियंत्रित प्रवेश देने की कोशिश की जा रही है। इससे घरेलू किसानों की उपज पर प्रतिकूल प्रभाव पड़ेगा और खाद्यान्न सुरक्षा के साथ कृषि आत्मनिर्भरता भी खतरे में पड़ सकती है। उन्होंने सवाल उठाया कि क्या वैश्वीकरण के नाम पर देश की कृषि क्रांति की उपलब्धियों को कमजोर करना उचित है?

बुढ़ापा पेंशन योजना में बदलाव पर उन्होंने तीखी प्रतिक्रिया व्यक्त करते हुए कहा कि पेंशन को बच्चों की आय से जोड़ना पूरी तरह अनुचित है। यह योजना बुजुर्गों को सम्मान और सामाजिक सुरक्षा प्रदान करने के उद्देश्य से बनाई गई थी, लेकिन सरकार के इस फैसले से उनके सम्मान को ठेस पहुंच रही है।
राशन कार्ड से पात्र लोगों के नाम काटे जाने के मामलों को लेकर भी कांग्रेस ने सरकार को घेरा। राव नरेंद्र सिंह ने कहा कि बिना ठोस कारण के जरूरतमंदों को योजनाओं से वंचित करना खाद्य सुरक्षा के अधिकार के विपरीत है।
एचपीएससी की भर्ती प्रक्रियाओं पर सवाल उठाते हुए उन्होंने आरोप लगाया कि हरियाणा के युवाओं की उपेक्षा कर बाहरी राज्यों के अभ्यर्थियों को प्राथमिकता दी जा रही है, जो प्रदेश के प्रतिभाशाली युवाओं के साथ अन्याय है। उन्होंने कहा कि इससे सरकार की पारदर्शिता और नीयत पर गंभीर प्रश्नचिह्न खड़े होते हैं।
धरना-प्रदर्शन के दौरान कांग्रेस के वरिष्ठ पदाधिकारी, जिला अध्यक्ष, ब्लॉक प्रतिनिधि एवं बड़ी संख्या में कार्यकर्ता उपस्थित रहे।






