गुरुग्राम में अतिक्रमण मुक्त सड़क-फुटपाथ अभियान जारी, कई क्षेत्रों से हटाए गए अवैध ढांचे

👇समाचार सुनने के लिए यहां क्लिक करें

इफको चौक, सेक्टर-17 और सुखराली में कार्रवाई, वेंडरों को दी सख्त चेतावनी

गुरुग्राम, 16 फरवरी। नगर निगम गुरुग्राम द्वारा शहर को अतिक्रमण मुक्त बनाने के लिए अतिक्रमण मुक्त सड़क-फुटपाथ अभियान लगातार जारी है। इस अभियान के तहत सड़कों, फुटपाथों, बाजारों और सार्वजनिक स्थलों से अवैध रूप से लगाए गए रेहड़ी-पटरी, खोखे, टपरीनुमा तथा शेडनुमा ढांचों को हटाया जा रहा है, ताकि आम नागरिकों को आवागमन में सुविधा मिल सके और यातायात बाधित न हो।

सोमवार को नगर निगम की स्ट्रीट वेंडिंग मैनेजमेंट टीम ने इफको चौक, सेक्टर-17 और सुखराली सहित आसपास के क्षेत्रों में विशेष अभियान चलाया। इस दौरान फुटपाथों और सार्वजनिक स्थानों पर किए गए अतिक्रमण को हटाया गया तथा कई अस्थायी ढांचे भी हटवाए गए।

दोबारा अतिक्रमण न करने की दी हिदायत

कार्रवाई के दौरान टीम ने रेहड़ी-पटरी संचालकों और दुकानदारों को स्पष्ट निर्देश दिए कि वे दोबारा फुटपाथ या सड़क पर कब्जा न करें। अधिकारियों ने चेतावनी दी कि नियमों का उल्लंघन करने पर सामान जब्त करने के साथ-साथ जुर्माना भी लगाया जाएगा।

पैदल यात्रियों और यातायात के लिए जरूरी कदम

नगर निगम अधिकारियों के अनुसार, फुटपाथों और सड़कों पर अतिक्रमण होने से पैदल चलने वालों को परेशानी होती है और वाहनों की आवाजाही भी प्रभावित होती है। अभियान का मुख्य उद्देश्य सार्वजनिक स्थानों को सुरक्षित, स्वच्छ और व्यवस्थित बनाना है।

निगमायुक्त प्रदीप दहिया ने कहा कि शहर में अतिक्रमण किसी भी स्थिति में बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। नागरिकों की सुविधा और सुचारु यातायात व्यवस्था बनाए रखने के लिए यह अभियान निरंतर जारी रहेगा। उन्होंने संबंधित अधिकारियों को निर्देश दिए कि नियमित निगरानी रखी जाए और जहां भी अतिक्रमण मिले, तुरंत कार्रवाई की जाए। उन्होंने आम लोगों से भी अपील की कि वे सार्वजनिक स्थलों पर अवैध कब्जा न करें और शहर को व्यवस्थित व स्वच्छ बनाए रखने में नगर निगम का सहयोग करें।

Bharat Sarathi
Author: Bharat Sarathi

Leave a Comment

और पढ़ें