सूर्य नमस्कार एवं मानसिक स्वास्थ्य जागरूकता कार्यक्रम का आयोजन

👇समाचार सुनने के लिए यहां क्लिक करें

गुरुग्राम, 10 फरवरी। आरटीसी भौण्डसी में पुलिस महानिदेशक, हरियाणा अजय सिंघल के निर्देशानुसार तथा उप महानिरीक्षक विरेन्द्र विज के मार्गदर्शन में प्रशिक्षुओं एवं प्रशिक्षकगणों द्वारा सूर्य नमस्कार का अभ्यास किया गया। स्वामी विवेकानन्द की जयंती 12 जनवरी से प्रारंभ हुआ सूर्य नमस्कार अभियान 12 फरवरी को महर्षि दयानन्द सरस्वती की जयंती के अवसर पर संपन्न होगा।

गुरुग्राम विश्वविद्यालय की योग सहायक प्रोफेसर गीता यादव ने प्रणामासन, हस्तउत्तानासन, हस्तपादासन, अश्वसंचालनासन, दण्डासन, अष्टांगासन, भुजंगासन सहित सूर्य नमस्कार का अभ्यास मंत्रोच्चारण के साथ प्रशिक्षुओं को कराया। उन्होंने बताया कि सूर्य नमस्कार सम्पूर्ण शरीर का व्यायाम है। इसके नियमित अभ्यास से शरीर निरोगी एवं ऊर्जावान रहता है। यह सभी आयु वर्ग के लोगों के लिए लाभकारी है। सूर्य नमस्कार से पाचन तंत्र मजबूत होता है, चिंता एवं तनाव में कमी आती है, हार्मोन संतुलन बना रहता है तथा हृदय और फेफड़ों की कार्यक्षमता में वृद्धि के साथ रक्त संचार भी बेहतर होता है।

कार्यक्रम के दौरान गुरुग्राम सिविल अस्पताल के सहायक सिविल सर्जन एवं मनोवैज्ञानिक डॉ. अजय, डॉ. हंसराज तथा उनकी टीम द्वारा अभिनय के माध्यम से मानसिक तनाव के लक्षणों को दर्शाया गया। डॉ. अजय ने मानसिक तनाव के निवारण के उपायों के बारे में प्रशिक्षुओं एवं पुलिस कर्मचारियों को विस्तारपूर्वक जानकारी दी। उन्होंने कहा कि समय पर मानसिक तनाव का समाधान न होने पर व्यक्ति गंभीर कदम तक उठा सकता है। ऐसे में मित्र, रिश्तेदार एवं परिवारजन यदि समय रहते मानसिक तनाव को पहचानकर सहयोग करें, तो किसी भी अप्रिय घटना को रोका जा सकता है। मानसिक तनाव को कम करने के लिए अच्छी नींद लेना अत्यंत आवश्यक है। इस अवसर पर डॉ. आसिमा श्योराण, मेडिकल ऑफिसर ने डॉ. अजय एवं उनकी पूरी टीम का आभार व्यक्त किया।
इस अवसर पर उप पुलिस अधीक्षक अमरजीत सिंह एवं अमित कुमार द्वारा डॉ. अजय एवं उनकी टीम को स्मृति स्वरूप पौधा भेंट कर सम्मानित किया गया। कार्यक्रम में सीडीआई उप निरीक्षक कृष्ण कुमार सहित राजवीर, अर्चना, पवन, आउटडोर एवं इंडोर प्रशिक्षकगणों के साथ-साथ प्रथम वाहिनी आईआरबी, भौण्डसी के पुलिस कर्मियों ने भी सक्रिय सहभागिता की।

Bharat Sarathi
Author: Bharat Sarathi

Leave a Comment

और पढ़ें