स्वास्थ्य मंत्री आरती सिंह राव व पद्मश्री बिमल कुमार जैन को मानद ‘डॉक्टर ऑफ लेटर्स’ उपाधि
खेल, स्वास्थ्य, सामाजिक सेवा और दिव्यांग उत्थान में उत्कृष्ट योगदान का सम्मानगुरु

गुरुग्राम,10 फरवरी- गुरुग्राम स्थित श्री गुरु गोबिंद सिंह ट्राइसेंटेनरी (एसजीटी) विश्वविद्यालय में आयोजित विशेष दीक्षांत समारोह में हरियाणा की स्वास्थ्य मंत्री आरती सिंह राव तथा प्रख्यात समाजसेवी पद्मश्री बिमल कुमार जैन को उनकी उल्लेखनीय सेवाओं के लिए डॉक्टर ऑफ लेटर्स (मानद) उपाधि से सम्मानित किया गया। यह सम्मान विश्वविद्यालय की शैक्षणिक परिषद, प्रबंधन मंडल, शासी निकाय एवं कुलाधिपति की अनुशंसा पर प्रदान किया गया।
सबसे पहले आरती सिंह राव को खेल, जनस्वास्थ्य और सामाजिक सुधार के क्षेत्र में उनके बहुआयामी योगदान के लिए सम्मानित किया गया। एक अंतरराष्ट्रीय स्तर की निशानेबाज के रूप में उन्होंने एशियाई चैंपियनशिप में स्वर्ण पदक सहित कई राष्ट्रीय व अंतरराष्ट्रीय प्रतियोगिताओं में देश का नाम रोशन किया। खेल जीवन के बाद उन्होंने पैरा खिलाड़ियों के उत्थान को अपना मिशन बनाया और हरियाणा में दिव्यांग खिलाड़ियों के लिए विशेष प्रशिक्षण सुविधाएं, आधुनिक कोचिंग, मानसिक परामर्श और आर्थिक सहायता की व्यवस्था सुनिश्चित की। उनके प्रयासों से राज्य के पैरा खिलाड़ी राष्ट्रीय व अंतरराष्ट्रीय मंचों पर सैकड़ों पदक जीतकर प्रदेश का गौरव बढ़ा रहे हैं।
स्वास्थ्य मंत्री के रूप में उन्होंने जनस्वास्थ्य सेवाओं को मजबूत करने की दिशा में भी महत्वपूर्ण कदम उठाए। सरकारी अस्पतालों में बेहतर चिकित्सा सुविधाएं, निःशुल्क उपचार सेवाएं, डायलिसिस जैसी जीवनरक्षक सुविधाओं का विस्तार, नए मेडिकल कॉलेजों की स्थापना तथा आयुष सेवाओं को बढ़ावा देने जैसे कार्यों से आमजन को सीधा लाभ मिला है। महिला सशक्तिकरण और ‘बेटी बचाओ, बेटी पढ़ाओ’ अभियान में उनकी सक्रिय भूमिका भी सराहनीय रही है।
इसके पश्चात पद्मश्री बिमल कुमार जैन को समाज सेवा और दिव्यांग कल्याण के क्षेत्र में उनके चार दशक से अधिक के समर्पित कार्यों के लिए मानद उपाधि प्रदान की गई। भारत विकास विकलांग न्यास और दधीचि देहदान समिति के माध्यम से उन्होंने हजारों दिव्यांगजनों को कृत्रिम अंग, उपचार और पुनर्वास सुविधाएं उपलब्ध कराईं। अंगदान और देहदान के प्रति जनजागरूकता फैलाने, नेत्रदान अभियान को बढ़ावा देने तथा सामाजिक कुरीतियों को दूर करने में उनका योगदान अत्यंत प्रेरणादायी रहा है।
विश्वविद्यालय प्रशासन ने कहा कि इन दोनों विभूतियों की उपलब्धियां विद्यार्थियों के लिए प्रेरणा का स्रोत हैं और समाज सेवा के प्रति समर्पण का जीवंत उदाहरण प्रस्तुत करती हैं।
इस अवसर कुलाधिपति राम बहादुर राय, कुलपति डॉ. हेमंत वर्मा, कुलसचिव डॉ. सुबोध कुमार, दशमेश एजुकेशनल एंड चैरिटेबल ट्रस्ट की अध्यक्ष मधुप्रीत कौर चावला, एसजीटी विश्वविद्यालय के सलाहकार डॉ. मदन चतुर्वेदी, प्रो वाइस चांसलर डॉ. अतुल कुमार नासा, गवर्निंग बॉडी सदस्य डॉ. राज कुमार भाटिया, , गवर्निंग बॉडी सदस्य डॉ. अनिल कोहली, सुषमा कोहली, सरोज जैन, प्रबंध ट्रस्टी मनमोहन सिंह चावला तथा गवर्निंग बॉडी सदस्य अमृत चावला सहित अन्य गणमान्य व्यक्ति मौजूद रहे।







