युवा कांग्रेसियों ने पीएम आवास का किया घेराव, जंतर-मंतर पर गरजा युवा आक्रोश

👇समाचार सुनने के लिए यहां क्लिक करें

-मोदी पर ट्रंप की कठपुतली बनने और संसद से भागने का आरोप

नई दिल्ली। भारतीय युवा कांग्रेस की ओर से मंगलवार को दिल्ली में प्रधानमंत्री आवास का घेराव किया गया तथा जंतर-मंतर पर जोरदार विरोध प्रदर्शन किया। प्रदर्शन का उद्देश्य संसद में पूर्व सेना प्रमुख जनरल मनोज नरवणे की किताब समेत अन्य अहम राष्ट्रीय मुद्दों पर चर्चा से राहुल गांधी को रोके जाने और प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की चुप्पी के खिलाफ विरोध दर्ज कराना रहा। प्रदर्शन का नेतृत्व भारतीय युवा कांग्रेस के राष्ट्रीय अध्यक्ष उदयभानु चिब ने किया। वहीं हरियाणा युवा कांग्रेस के प्रदेश अध्यक्ष निशित कटारिया के नेतृत्व में हरियाणा से भारी संख्या में युवा कार्यकर्ता दिल्ली पहुंचे।

युवा कांग्रेस के राष्ट्रीय अध्यक्ष उदयभानु चिब ने कहा कि आज देश देख रहा है कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी संसद से भाग रहे हैं। संसद सत्र चल रहा है, लेकिन प्रधानमंत्री जवाब देने की बजाय विदेश नीति और राष्ट्रीय सुरक्षा जैसे मुद्दों पर मौन साधे हुए हैं। दुर्भाग्य की बात यह है कि हर बड़े मुद्दे पर अमेरिका के पूर्व राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप घोषणा करते हैं और भारत के प्रधानमंत्री चुप रहते हैं। मोदी अब ट्रंप की कठपुतली बनकर रह गए हैं। उन्होंने कहा कि राहुल गांधी जब भी संसद में सच्चाई सामने लाने की कोशिश करते हैं, तो सरकार उनकी आवाज दबाने का प्रयास करती है, जो लोकतंत्र के लिए बेहद खतरनाक है।

सांसद दीपेंद्र सिंह हुड्डा ने कहा कि कि देश की संसद चल रही है, लेकिन प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी बहस से भाग गए हैं। बेरोजगारी, महंगाई, किसानों की बदहाली और राष्ट्रीय सुरक्षा जैसे गंभीर मुद्दों पर सरकार चर्चा नहीं चाहती। हर मामले में प्रधानमंत्री कंप्रोमाइज्ड नजर आ रहे हैं। देश का नेतृत्व कमजोर हाथों में चला गया है। उन्होंने कहा कि संसद में चर्चा से डरना भाजपा सरकार की नाकामी को दर्शाता है।

हरियाणा युवा कांग्रेस के प्रदेश अध्यक्ष निशित कटारिया ने कहा कि कि हरियाणा का युवा आज सड़कों पर है क्योंकि लोकतंत्र की हत्या हो रही है। जब संसद में सवाल उठाने वालों को रोका जाता है, तो युवाओं को सड़कों पर उतरना पड़ता है। प्रधानमंत्री हर मुद्दे पर समझौता कर रहे हैं और देश की आवाज दबाई जा रही है। प्रदर्शन के दौरान युवा कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने केंद्र सरकार के खिलाफ जमकर नारेबाजी की और प्रधानमंत्री से संसद में आकर जवाब देने की मांग की। युवा कांग्रेस नेताओं ने स्पष्ट किया कि जब तक सरकार जनता के सवालों का जवाब नहीं देती, तब तक उनका आंदोलन जारी रहेगा।

Bharat Sarathi
Author: Bharat Sarathi

Leave a Comment

और पढ़ें

error: Content is protected !!