-हरियाणा राज्य रेड क्रॉस शाखा के उपाध्यक्ष अंकुश मिगलानी ने की थी सिफारिश
-एक दिव्यांग द्वारा उपाध्यक्ष अंकुश मिगलानी को बताई गई समस्या का हुआ तुरंत समाधान

गुरुग्राम। वर्धमान सेवा संस्थान द्वारा गुरुग्राम जिला में दिव्यांग जनों को उनकी जरूरत के अनुसार सहायक उपकरण प्रदान करने के उद्देश्य से एक शिविर का आयोजन किया गया। जिसमें भारतीय रेडक्रास समिति हरियाणा राज्य शाखा के उपाध्यक्ष अंकुश मिगलानी ने मुख्य अतिथि के तौर पर शिरकत की। उन्होंने कार्यक्रम के दौरान दिव्यांगजनों से चर्चा कर उनकी समस्याओं को सुना।
इस दौरान सतीश नामक दिव्यांगजन ने उपाध्यक्ष अंकुश मिगलानी को बताया कि सरकार द्वारा उन्हें जो राशन दिया जाता है, वह राशन सरकारी उचित मूल्यों की दुकान पर मिलता है। उचित मूल्यों की दुकानों पर भीड़ होने के कारण दिव्यांगजनों को राशन मिलने में काफी समस्या का सामना करना पड़ता हैै। सरकारी राशन की दुकानों पर दिव्यांगजनों के लिए अलग से पंक्ति का कोई प्रावधान नहीं है, जिससे कि दिव्यांगजनों को लंबी कतार में 2 से 3 घंटे खड़ा रहना पड़ता है। अंकुश मिगलानी ने दिव्यांगजन इस के अनुरोध पर तुरन्त संज्ञान लेते हुए हरियाणा सरकार के खाद्य, नागरिक आपूर्ति एवं उपभोक्ता मामले के प्रधान सचिव से वार्ता की। उनसे पूरे हरियाणा प्रदेश में राशन की दुकानों पर दिव्यांगजनों के लिए अलग पंक्ति बनाने के लिए सिफारिश की है। जिस पर हरियाणा सरकार ने अधिसूचना जारी कर दी। दिव्यांगजनों की समस्या को समझते हुए राज्य के सभी जिला खाद्य एवं आपूर्ति नियंत्रक को निर्देश दिए कि राशन वितरण के दौरान दिव्यांग व्यक्तियों को असुविधा ना हो। सामान्य पंक्ति में प्रतीक्षा किये बिना तत्काल राशन वितरित करने के लिए आदेश जारी कर दिए। अंकुश मिगलानी ने यह बताया कि हरियाणा राज्य रेडक्रास मुख्य रूप से दिव्यांगजनों की सेवा के लिए हमेशा तत्पर रहती है, ताकि अंतिम पंक्ति में खड़े व्यक्तियों के लिए सुविधाओं का लाभ सुगमता से पहुंचाया जा सके।







