द्रोणाचार्य राजकीय महाविद्यालय गुरुग्राम ने जीती स्टेट फुटबॉल चैंपियनशिप

👇समाचार सुनने के लिए यहां क्लिक करें

रोमांचक फाइनल में जीसी हिसार को 1–0 से हराकर ट्रॉफी पर किया कब्जा

खिलाड़ियों के तालमेल और मजबूत डिफेंस से सुनिश्चित हुई जीत

गुरुग्राम, 8 फरवरी-द्रोणाचार्य राजकीय महाविद्यालय (डीजीसी) गुरुग्राम की फुटबॉल टीम ने एक बार फिर शानदार प्रदर्शन करते हुए निदेशालय उच्च शिक्षा हरियाणा द्वारा राजकीय महाविद्यालय हथीन (पलवल) में आयोजित राज्य स्तरीय फुटबॉल चैंपियनशिप का खिताब अपने नाम कर लिया। फाइनल मुकाबले में टीम ने गत वर्ष की चैंपियन जीसी हिसार को 1–0 से हराकर जीत दर्ज की।

मैच की शुरुआत से ही डीजीसी के खिलाड़ियों ने आक्रामक खेल और मजबूत डिफेंस का परिचय दिया। कप्तान रजत शर्मा के नेतृत्व में विवेक, हरकेश, चिंटू (स्ट्राइकर), सूरज, सोनू, यश ( बैकवर्ड डिफेंस), प्रिंस, दीपांशु, कपिल (मिडफील्ड) और जतिन (गोलकीपर) ने बेहतरीन तालमेल के साथ खेलते हुए विरोधी टीम को पूरे मैच में दबाव में रखा और गोल करने का कोई अवसर नहीं दिया। खिलाड़ियों की मेहनत और टीमवर्क ने जीत सुनिश्चित की।

प्रिंसिपल डॉ. पुष्पा अंतिल ने टीम की इस उपलब्धि पर खुशी जताते हुए खिलाड़ियों और खेल विभाग को बधाई दी। उन्होंने कहा कि डीजीसी गुरुग्राम लगातार खेलों में उत्कृष्ट प्रदर्शन कर महाविद्यालय का नाम रोशन कर रहा है।

खेल विभागाध्यक्ष पद्मश्री डॉ. सुनील डबास, कविता सहरावत, राकेश कुमार तथा समस्त कॉलेज परिवार ने भी टीम का उत्साहवर्धन करते हुए भविष्य में और बेहतर प्रदर्शन की शुभकामनाएं दीं।

लगातार उत्कृष्ट प्रदर्शन के साथ डीजीसी गुरुग्राम खेल क्षेत्र में नई ऊंचाइयां छू रहा है। यह जीत महाविद्यालय के लिए गर्व का क्षण है और आगे भी सफलता का यह सिलसिला जारी रहेगा।

Bharat Sarathi
Author: Bharat Sarathi

Leave a Comment

और पढ़ें