गुरुग्राम में तीन बड़े इंफ्रास्ट्रक्चर प्रोजेक्ट्स को मिली रफ्तार

👇समाचार सुनने के लिए यहां क्लिक करें

केंद्रीय मंत्री राव इंद्रजीत सिंह ने निर्माण कार्यों का किया शुभारंभ

सड़कों, सीवर लाइन और री-कार्पेटिंग कार्यों से हजारों नागरिकों को होगा लाभ

गुरुग्राम, 8 फरवरी। नगर निगम गुरुग्राम द्वारा शहर के विभिन्न वार्डों में बुनियादी ढांचे को मजबूत करने के लिए तीन महत्वपूर्ण विकास कार्यों की शुरुआत की गई है। स्थानीय लोक निर्माण विभाग विश्राम गृह में आयोजित कार्यक्रम में केंद्रीय राज्य मंत्री राव इंद्रजीत सिंह ने कार्यों का शुभारंभ करते हुए अधिकारियों और निर्माण एजेंसियों को निर्धारित समयसीमा में गुणवत्ता के साथ काम पूरा करने के निर्देश दिए।

उन्होंने कहा कि गुरुग्राम तेजी से विकसित हो रहा शहर है और बेहतर सड़क, सीवर और शहरी आधारभूत ढांचा नागरिकों के जीवन स्तर को सीधे प्रभावित करता है। उन्होंने कहा कि विकास कार्यों में देरी न हो और नियमित मॉनिटरिंग सुनिश्चित की जाए।

सेक्टर-52 में नई बीएम व बीसी सड़क का निर्माण

वार्ड नंबर 21 के अंतर्गत सेक्टर-52 के पॉकेट ए और बी में 3535 मीटर लंबी सड़क का निर्माण कार्य शुरू किया गया है। इस सड़क पर 50 मिमी मोटाई की बिटुमिनस मैकडम और 30 मिमी मोटाई की बिटुमिनस कंक्रीट परत बिछाई जाएगी। इस परियोजना लागत: 189.94 लाख रुपए है तथा इसे 10 माह में पूरा करने का लक्ष्य रखा गया है। इस परियोजना से सेक्टर-52 के निवासियों को बेहतर सड़क नेटवर्क मिलेगा, जिससे वाहनों और पैदल यात्रियों की आवाजाही सुगम व सुरक्षित होगी।

वजीराबाद में सीवर लाइन व आरएमसी सड़क निर्माण

वजीराबाद मार्केट से झील चौक तक 400 मिमी व्यास की 550 मीटर लंबी सीवर लाइन बिछाने और 1050 मीटर लंबी एम-40 ग्रेड आरएमसी सड़क के निर्माण कार्य का शुभारंभ केंद्रीय राज्य मंत्री द्वारा किया गया है। लगभग 264.83 लाख रुपए की लागत से यह कार्य 13 माह में पूरा किया जाएगा। यह जलभराव की समस्या को कम करने, स्वच्छता में सुधार लाने और क्षेत्र के निवासियों को बेहतर सड़क सुविधा उपलब्ध कराने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएगा।

सेक्टर-17 ए में सड़कों की री-कार्पेटिंग और इंटरलॉकिंग टाइल कार्य

सेक्टर-17 ए में 2320 मीटर लंबी सड़क पर डीबीएम और बीसी से री-कार्पेटिंग की जाएगी। साथ ही 1350 मीटर लंबाई में इंटरलॉकिंग टाइल भी लगाई जाएंगी। इस परियोजना लागत 108.91 लाख रुपए है, जो 2 माह में पूरी होगी। इससे सड़क की गुणवत्ता में सुधार होगा, धूल और गड्ढों की समस्या कम होगी तथा स्थानीय निवासियों को सुरक्षित और सुविधाजनक आवागमन मिलेगा।

इन सभी परियोजनाओं का उद्देश्य शहर में बुनियादी ढांचे को मजबूत करना, नागरिकों की दैनिक आवाजाही को आसान बनाना और स्वच्छ व व्यवस्थित शहरी वातावरण सुनिश्चित करना है। ये कार्य जनहित में अत्यंत आवश्यक हैं और इनके पूरा होने से संबंधित क्षेत्रों में जीवन स्तर में सकारात्मक बदलाव देखने को मिलेगा।

इस मौके पर नगर निगम गुरुग्राम की मेयर राजरानी मल्होत्रा, निगमायुक्त प्रदीप दहिया, मानेसर निगमायुक्त प्रदीप सिंह व अतिरिक्त निगमायुक्त रविन्द्र यादव सहित निगम पार्षद, अधिकारीगण व गणमान्य नागरिक उपस्थित थे।

Bharat Sarathi
Author: Bharat Sarathi

Leave a Comment

और पढ़ें

error: Content is protected !!