
फरीदाबाद, 7 फरवरी। विश्वप्रसिद्ध सूरजकुंड अंतरराष्ट्रीय शिल्प मेले में हुए हादसे पर हरियाणा के मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी ने गहरा दुख व्यक्त किया है। मुख्यमंत्री ने दुर्घटना में जान गंवाने वाले व्यक्ति के परिजनों के प्रति संवेदना प्रकट करते हुए घायलों के शीघ्र स्वास्थ्य लाभ की कामना की।
मुख्यमंत्री नायब सैनी ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म ‘एक्स’ पर कहा कि इस दुखद घटना से वे अत्यंत व्यथित हैं। उन्होंने संबंधित अधिकारियों को निर्देश दिए हैं कि घायल लोगों को तत्काल और समुचित चिकित्सा सुविधा उपलब्ध कराई जाए, ताकि किसी भी प्रकार की लापरवाही न हो।
सीएम ने भरोसा दिलाया कि हरियाणा सरकार पूरी तत्परता और संवेदनशीलता के साथ घायलों तथा उनके परिजनों को हर संभव सहायता प्रदान करने में जुटी हुई है। प्रशासन स्थिति पर लगातार नजर बनाए हुए है और आवश्यक कदम उठाए जा रहे हैं, ताकि प्रभावित परिवारों को राहत मिल सके।







