आज समाज के 20 वर्ष: लोकतांत्रिक संवाद, निष्पक्ष पत्रकारिता और विकास की साझा प्रतिबद्धता

👇समाचार सुनने के लिए यहां क्लिक करें

चंडीगढ़ में आयोजित कॉन्क्लेव में मुख्यमंत्री, सांसद कार्तिकेय शर्मा सहित तीन राज्यों की प्रमुख हस्तियों की सहभागिता

चंडीगढ़। उत्तर भारत के प्रतिष्ठित हिंदी दैनिक आज समाज की 20वीं वर्षगांठ के अवसर पर शनिवार को चंडीगढ़ में एक भव्य कॉन्क्लेव का आयोजन किया गया। इस अवसर पर हरियाणा, पंजाब और हिमाचल प्रदेश से राजनीति, प्रशासन, कला, संस्कृति और सामाजिक जीवन से जुड़े प्रमुख व्यक्तित्वों ने सहभागिता की। आयोजन आज समाज की दो दशकों की निष्पक्ष, जनहितकारी और जिम्मेदार पत्रकारिता की यात्रा को समर्पित रहा।

राज्यसभा सांसद श्री कार्तिकेय शर्मा, जिन्होंने आज समाज की नींव 20 वर्ष पूर्व रखी थी, ने कहा कि इस संस्थान की परिकल्पना लोकतंत्र के तीसरे स्तंभ के रूप में पत्रकारिता को सशक्त करने के उद्देश्य से की गई थी, ताकि आम नागरिक की आवाज़ तथ्य, संतुलन और जवाबदेही के साथ सत्ता तक पहुंचे। उन्होंने कहा कि आज समाज ने बीते दो दशकों में जनहित और सामाजिक सरोकारों को प्राथमिकता देते हुए जनता और लोकतांत्रिक संस्थाओं के बीच विश्वास का सेतु बनाने का कार्य किया है। बदलते समय के साथ प्रिंट के साथ-साथ डिजिटल मंच पर भी संस्थान ने अपनी विश्वसनीय पहचान बनाए रखी है।

कार्यक्रम को संबोधित करते हुए हरियाणा के माननीय मुख्यमंत्री श्री नायब सिंह सैनी ने आज समाज को 20वीं वर्षगांठ की बधाई दी और कहा कि यह अख़बार लगातार निष्पक्षता के साथ सामाजिक मुद्दों को उठाता रहा है और प्रिंट मीडिया में नए मानक स्थापित कर रहा है। उन्होंने कहा कि स्वस्थ लोकतंत्र के लिए यह आवश्यक है कि विपक्ष की बात सुनी जाए, लेकिन तथ्यहीन आरोप लोकतांत्रिक विमर्श को कमजोर करते हैं। मुख्यमंत्री ने कहा कि भाजपा सरकार ने पारदर्शी प्रक्रिया के माध्यम से युवाओं को रोजगार और आम नागरिकों को सरकारी योजनाओं का लाभ सुनिश्चित किया है।

हिमाचल प्रदेश के माननीय मुख्यमंत्री श्री सुखविंदर सिंह सुक्खू की गरिमामय उपस्थिति में कार्यक्रम के दौरान सांस्कृतिक प्रस्तुतियां भी आयोजित की गईं, जिनमें क्षेत्रीय कला और विरासत की झलक देखने को मिली। मुख्यमंत्री ने आज समाज को शुभकामनाएं देते हुए कहा कि हिमाचल प्रदेश निरंतर विकास की राह पर अग्रसर है और राज्य को अधिक समृद्ध बनाने की दिशा में प्रयास किए जा रहे हैं। उन्होंने कहा कि यह प्रयास प्रधानमंत्री श्री नरेंद्र मोदी के ‘विकसित भारत’ के विज़न के अनुरूप हैं, जिसमें सभी राज्यों के समावेशी विकास पर जोर दिया गया है।

व्यापक सहभागिता

इस कॉन्क्लेव में हरियाणा, पंजाब और हिमाचल प्रदेश से बड़ी संख्या में राजनीतिक, सामाजिक और सार्वजनिक जीवन से जुड़े प्रमुख व्यक्तित्वों ने सहभागिता की। हरियाणा सरकार के कैबिनेट मंत्री श्री रणबीर सिंह गंगवाश्रीमती आरती रावश्री कृष्ण लाल पंवारश्रीमती श्रुति चौधरी, राज्यसभा सांसद श्री सुभाष बराला, भाजपा नेता श्री राजीव बिंदल तथा पंजाब सरकार के कैबिनेट मंत्री श्री बरिंदर कुमार गोयल सहित अनेक वरिष्ठ नेता और जनप्रतिनिधि कार्यक्रम में उपस्थित रहे।

कला और संस्कृति जगत से सुप्रसिद्ध अभिनेता श्री यशपाल शर्मा, हरियाणवी गायक श्री मासूम शर्मा तथा पद्मश्री से सम्मानित लोक कलाकार श्री महावीर गुड्डू की उपस्थिति ने आयोजन को विशेष आयाम प्रदान किया।

कार्यक्रम के दौरान वक्ताओं ने इस बात पर सहमति व्यक्त की कि सूचना के इस तेज़ दौर में विश्वसनीय और जिम्मेदार पत्रकारिता की भूमिका और भी महत्वपूर्ण हो गई है। आज समाज की 20 वर्षीय यात्रा को लोकतांत्रिक मूल्यों, जनहित और सामाजिक उत्तरदायित्व के प्रति निरंतर प्रतिबद्धता के रूप में देखा गया।

Bharat Sarathi
Author: Bharat Sarathi

Leave a Comment

और पढ़ें