केंद्रीय बजट 2026 में हरियाणा की उपेक्षा, भाजपा सरकार कठपुतली की तरह कर रही काम : वेदप्रकाश विद्रोही

👇समाचार सुनने के लिए यहां क्लिक करें

नायब सैनी को खुली चुनौती—राखीगढ़ी छोड़ बताएं बजट में हरियाणा को क्या मिला

चंडीगढ़/रेवाडी | 2 फरवरी 2026 – स्वयंसेवी संस्था ग्रामीण भारत के अध्यक्ष वेदप्रकाश विद्रोही ने हरियाणा की भाजपा सरकार पर तीखा हमला बोलते हुए आरोप लगाया कि प्रदेश में भाजपा-संघ की एक कमजोर और कठपुतली सरकार काम कर रही है, जो हरियाणा के हितों की बलि चढ़ाकर केंद्र सरकार और नागपुर स्थित संघ की चापलूसी में जुटी हुई है।

विद्रोही ने कहा कि इसका ताजा उदाहरण केंद्रीय बजट 2026 है, जिसमें हरियाणा को कोई ठोस सौगात नहीं मिली, इसके बावजूद मुख्यमंत्री, मंत्री, सांसद और विधायक बजट के कसीदे पढ़ते हुए जनता को गुमराह कर रहे हैं। उन्होंने सवाल उठाया कि यदि हरियाणा को वास्तव में कुछ मिला है तो फिर भाजपा सरकार के तमाम दावे जमीन पर क्यों नजर नहीं आते।

ग्रामीण भारत के अध्यक्ष ने मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी को खुली चुनौती देते हुए कहा कि वे राखीगढ़ी परियोजना को छोड़कर यह स्पष्ट करें कि बजट 2026 में हरियाणा को क्या मिला है और प्रदेश को कितनी अतिरिक्त राशि आवंटित की गई है। उन्होंने कहा कि संघी चापलूसी में झूठा गुणगान कर हरियाणा की जनता के साथ धोखाधड़ी की जा रही है।

विद्रोही ने यह भी याद दिलाया कि वित्त वर्ष 2025-26 के बजट में भी मुख्यमंत्री ने हरियाणा को बड़ी सौगात मिलने के दावे किए थे। उन्होंने सवाल किया कि उस बजट में केंद्र से मिले पैसों से प्रदेश में कौन-सा विकास, कहां और कितना हुआ—यदि मुख्यमंत्री में हिम्मत है तो उसका पूरा ब्यौरा सार्वजनिक करें।

उन्होंने कहा कि जुमले उछालकर जनता को ठगना और प्रदेश के हितों की बलिवेदी पर राजनीति करना मुख्यमंत्री को भले ही अपनी कुर्सी बचाने में मदद करे, लेकिन इससे हरियाणा की जनता को कोई लाभ नहीं मिलने वाला। लोकतांत्रिक तरीके से चुनी गई सरकार की पहली जिम्मेदारी प्रदेश के आर्थिक हितों की रक्षा करना है, न कि मोदी-संघ की चापलूसी में लगे रहना।

विद्रोही ने आरोप लगाया कि केंद्र सरकार द्वारा लगातार बजट में हरियाणा की उपेक्षा किए जाने के बावजूद प्रदेश के मुख्यमंत्री, मंत्री, विधायक और सांसद प्रदेश के हितों की मजबूती से पैरवी करने के बजाय निजी स्वार्थों के लिए चापलूसी कर रहे हैं। उन्होंने कहा कि जनता को गंभीरता से सोचना होगा कि ऐसी कमजोर और कायर सरकार चुनने से प्रदेश के हितों के साथ कितना बड़ा खिलवाड़ हो रहा है।

Bharat Sarathi
Author: Bharat Sarathi

Leave a Comment

और पढ़ें