गणतंत्र दिवस पर हरियाणा विधानसभा सचिवालय में दो स्थानों पर फहराया गया तिरंगा

👇समाचार सुनने के लिए यहां क्लिक करें

चंडीगढ़, 26 जनवरी। हरियाणा विधानसभा सचिवालय की ओर से भारत के 77वें गणतंत्र दिवस के अवसर पर सोमवार को दो अलग-अलग स्थानों पर गरिमामय कार्यक्रमों का आयोजन किया गया। विधानसभा अध्यक्ष के सेक्टर-2 स्थित कैंप कार्यालय में आयोजित समारोह में अध्यक्ष के सलाहकार राम नारायण यादव ने ध्वज फहराया, जबकि एमएलए हॉस्टल परिसर में उप-सचिव कंवर सिंह ने राष्ट्रीय ध्वज फहराया।

इस अवसर पर कैंप कार्यालय में उपस्थित अधिकारियों और कर्मचारियों को संबोधित करते हुए राम नारायण यादव ने कहा कि भारत ने महान बलिदानों के बाद आज़ादी प्राप्त की है। यह दिन हमें स्वाधीनता सेनानियों के संघर्ष और त्याग का स्मरण कराता है। उन्होंने कहा कि 26 जनवरी 1950 को भारतीय संविधान पूरी तरह लागू हुआ, जिसने देश को लोकतांत्रिक दिशा प्रदान की।

एक संविधान विशेषज्ञ के रूप में उन्होंने उल्लेख किया कि स्वतंत्रता के बाद देश की विविधताओं को देखते हुए लोकतंत्र की सफलता को लेकर कई आशंकाएं व्यक्त की जा रही थीं, लेकिन संविधान की मजबूती के कारण न केवल लोकतंत्र सफल हुआ, बल्कि आज भारत एक विकसित राष्ट्र बनने की ओर अग्रसर है।

एमएलए हॉस्टल परिसर में आयोजित कार्यक्रम में उप-सचिव कंवर सिंह ने स्वाधीनता आंदोलन के इतिहास पर प्रकाश डालते हुए कहा कि आज़ादी के लिए असंख्य देशभक्तों ने अपने प्राणों की आहुति दी। उन्हीं बलिदानों के कारण आज हम स्वतंत्र वातावरण में जीवन जी रहे हैं। उन्होंने गणतंत्र दिवस को देश का सबसे महत्वपूर्ण पर्व बताया।

विधानसभा अध्यक्ष के कैंप कार्यालय में आयोजित कार्यक्रम को संबोधित करते हुए मीडिया एवं संचार अधिकारी दिनेश कुमार ने कहा कि जिस प्रकार आज़ादी से पहले देश को बलिदानियों की आवश्यकता थी, उसी प्रकार आज राष्ट्र को परम वैभव तक पहुंचाने के लिए देश के लिए जीने वाले समर्पित नागरिकों की आवश्यकता है। उन्होंने पारिवारिक मूल्यों की रक्षा, सामाजिक समरसता, पर्यावरण संरक्षण, स्वदेशी भावना को सुदृढ़ करने तथा नागरिक कर्तव्यों के प्रति सजग रहने का आह्वान किया।

इस अवसर पर उप-सचिव गौरव गोयल, अवर सचिव पुष्पेंद्र सिंह, राजेंद्र सिंह चौहान, वी.एस. चौधरी, हॉस्टल प्रभारी चंद्र शर्मा, सुपरिंटेंडेंट वेदपाल, स्वागत अधिकारी संजय कुमार, महेंद्र सिंह सहित अनेक अधिकारी एवं कर्मचारी उपस्थित रहे।

Bharat Sarathi
Author: Bharat Sarathi

Leave a Comment

और पढ़ें