आंगनवाड़ी वर्कर-हेल्पर यूनियन का प्रदर्शन, 12 फरवरी की देशव्यापी हड़ताल का नोटिस सौंपा

👇समाचार सुनने के लिए यहां क्लिक करें

गुरुग्राम, 22 फरवरी 2026। आंगनवाड़ी वर्कर एंड हेल्पर यूनियन 1442 जिला गुरुग्राम के आह्वान पर मंगलवार को सैकड़ों आंगनवाड़ी वर्कर व हेल्पर उपायुक्त कार्यालय के सामने एकत्रित हुए। इस दौरान 12 फरवरी 2026 को प्रस्तावित देशव्यापी हड़ताल का नोटिस महिला एवं बाल विकास विभाग की कार्यक्रम अधिकारी के नाम ज्ञापन के माध्यम से सौंपा गया।

प्रदर्शन की अध्यक्षता जिला प्रधान सरस्वती ने की, जबकि मंच संचालन जिला सचिव रानी लंबा ने किया। कार्यक्रम में जिला कैशियर सुशीला और सीटू के जिला अध्यक्ष कामरेड सुरेश नोहरा विशेष रूप से उपस्थित रहे। इसके अलावा सोहना, फर्रुखनगर, ग्रामीण ब्लॉक, यू-2 व यू-1 सहित सभी ब्लॉकों के प्रधान व सचिव भी मौजूद रहे। सभी वक्ताओं ने आंगनवाड़ी कर्मियों की समस्याओं और मांगों को प्रमुखता से रखा।

मुख्य मांगें
वक्ताओं ने मांग की कि आंगनवाड़ी वर्कर व हेल्पर को तीसरे दर्जे का कर्मचारी घोषित किया जाए तथा उन्हें पेंशन और ग्रेच्युटी की सुविधा दी जाए। उन्होंने बताया कि आंगनवाड़ी केंद्रों का किराया पिछले 10 महीनों से बकाया है, केंद्र सरकार का मानदेय 7 महीनों से और हरियाणा सरकार का मानदेय 2 महीनों से लंबित है।
इसके साथ ही जिन केंद्रों में वर्कर या हेल्पर के पद रिक्त हैं, वहां शीघ्र भर्ती किए जाने की मांग उठाई गई।

काम का बढ़ता बोझ और मानसिक प्रताड़ना
वक्ताओं ने कहा कि आंगनवाड़ी केंद्रों पर कार्यभार लगातार बढ़ रहा है। अतिरिक्त कार्यों का बोझ वर्करों पर डाला जा रहा है, वहीं बीएलओ (BLO) ड्यूटी भी उनसे करवाई जा रही है। इससे वर्करों को मानसिक प्रताड़ना का सामना करना पड़ रहा है और कई बहनों की मृत्यु तक हो चुकी है। यूनियन ने स्पष्ट मांग की कि आंगनवाड़ी वर्करों से बीएलओ का कार्य न करवाया जाए, ताकि केंद्रों में गर्भवती महिलाओं, धात्री माताओं और 3 से 6 वर्ष के बच्चों की देखभाल व अनौपचारिक शिक्षा सुचारु रूप से हो सके।

घटिया राशन पर आपत्ति
यूनियन ने गुरुग्राम जिले में आ रहे राशन की गुणवत्ता पर भी सवाल उठाए। वक्ताओं ने कहा कि राशन की गुणवत्ता बेहद घटिया है, जिसे लेने से लाभार्थी भी इनकार कर रहे हैं। मांग की गई कि मौजूदा रेसिपी बदली जाए और बच्चों के लिए फूड पैकेजिंग राशन उपलब्ध कराया जाए।

इस मौके पर निशा, कमलेश, अनीता, सुशीला, पूनम सहित अन्य आंगनवाड़ी कर्मियों ने भी अपने विचार रखे और सरकार से शीघ्र मांगें पूरी करने की अपील की।

Bharat Sarathi
Author: Bharat Sarathi

Leave a Comment

और पढ़ें