पीएम सूर्य घर मुफ्त बिजली योजना को लेकर गुरुग्राम में जन-जागरूकता शिविर आयोजित

👇समाचार सुनने के लिए यहां क्लिक करें

गुरुग्राम, 20 जनवरी 2026 । आज प्रधानमंत्री सूर्य घर मुफ्त बिजली योजना के प्रचार-प्रसार हेतु गुरुग्राम के सेक्टर-27 स्थित कम्युनिटी सेंटर में एक जन-जागरूकता शिविर का सफल आयोजन किया गया।

इस कार्यक्रम की अध्यक्षता गुरुग्राम के विधायक मुकेश शर्मा ने की। शिविर में स्थानीय पार्षदों, क्षेत्र के गणमान्य नागरिकों तथा सोलर वेंडर्स ने सक्रिय रूप से भाग लिया।

इस शिविर पर मुख्य अतिथि विधायक मुकेश शर्मा ने अपने संबोधन में योजना की उपयोगिता और महत्व पर प्रकाश डाला। उन्होंने आमजन से अधिक से अधिक संख्या में इस योजना का लाभ उठाने की अपील की तथा विशेष रूप से सभी पार्षदों एवं जनप्रतिनिधियों से आग्रह किया कि वे अपने-अपने क्षेत्रों में लोगों को इस योजना के प्रति जागरूक कर सोलर ऊर्जा अपनाने के लिए प्रेरित करें।

कार्यक्रम के दौरान कार्यकारी अभियंता विकास यादव सहित हरियाणा बिजली वितरण निगम की टीम तथा नवीन एवं नवीकरणीय ऊर्जा मंत्रालय के अधिकारियों द्वारा पीएम सूर्य घर मुफ्त बिजली योजना के लाभों, प्रक्रिया एवं सब्सिडी से संबंधित जानकारी को विस्तार से सांझा किया गया। उपस्थित नागरिकों को बताया गया कि यह योजना घरेलू उपभोक्ताओं को सौर ऊर्जा अपनाने के लिए प्रोत्साहित करने के साथ-साथ बिजली बिल में राहत प्रदान करने की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम है।

कार्यक्रम का उद्देश्य आम नागरिकों तक केंद्र सरकार की इस महत्वाकांक्षी योजना की जानकारी पहुंचाना तथा स्वच्छ और हरित ऊर्जा की दिशा में सामूहिक प्रयासों को गति देना रहा।

Bharat Sarathi
Author: Bharat Sarathi

Leave a Comment

और पढ़ें

error: Content is protected !!