हरियाणा में हालात बद से बदतर, स्कूलों में शिक्षक नहीं, अस्पतालों में डॉक्टरों का अभाव
कुरुक्षेत्र, (प्रमोद कौशिक), 19 जनवरी। हरियाणा के नेता प्रतिपक्ष एवं पूर्व मुख्यमंत्री भूपेंद्र सिंह हुड्डा ने भाजपा सरकार पर तीखा हमला बोलते हुए कहा कि प्रदेश सरकार चार्वाक की नीति “कर्ज लेकर घी पीने” पर काम कर रही है। उन्होंने कहा कि वर्ष 2014 में हरियाणा पर मात्र 70 हजार करोड़ रुपये का कर्ज था, जो अब बढ़कर करीब 5 लाख करोड़ रुपये तक पहुंच चुका है और इस वर्ष सरकार फिर 30 हजार करोड़ रुपये का नया कर्ज लेने जा रही है।
भूपेंद्र सिंह हुड्डा सोमवार को कुरुक्षेत्र के शांतिनगर स्थित इंप्रूवमेंट ट्रस्ट के पूर्व चेयरमैन जलेश शर्मा के निवास पर पत्रकारों से बातचीत कर रहे थे। इस अवसर पर हरियाणा कांग्रेस कमेटी के अध्यक्ष राव नरेंद्र सिंह, थानेसर विधायक अशोक अरोड़ा, शाहाबाद विधायक रामकरण काला तथा पिहोवा विधायक मनदीप चट्ठा भी उपस्थित रहे। इसके बाद हुड्डा वरिष्ठ कांग्रेस नेता सुभाष पाली के निवास पर पहुंचे, जहां उन्होंने उनके पुत्र अभिषेक पाली को जन्मदिन की शुभकामनाएं दीं।
हुड्डा ने कहा कि भाजपा सरकार ने हरियाणा के हालात बद से बदतर कर दिए हैं। स्कूलों में शिक्षक नहीं हैं, अस्पतालों में डॉक्टरों का अभाव है और कॉलेजों में प्रोफेसरों के पद खाली पड़े हैं। उन्होंने बताया कि हरियाणा के विश्वविद्यालयों में लगभग 50 प्रतिशत स्वीकृत पद रिक्त हैं, जिससे शिक्षा व्यवस्था पूरी तरह चरमरा गई है।
कानून व्यवस्था पर सवाल उठाते हुए हुड्डा ने कहा कि गृह मंत्रालय के सोशल प्रोग्रेस इंडेक्स के अनुसार हरियाणा देश का सबसे असुरक्षित प्रदेश बन चुका है। प्रदेश में करीब 60 गैंग सक्रिय हैं, जो फिरौती मांगने और हत्याओं जैसी घटनाओं में लिप्त हैं। हालात यह हैं कि व्यापारी, किसान और आम नागरिक—हर वर्ग खुद को असुरक्षित महसूस कर रहा है।
उन्होंने कहा कि बेरोजगारी तेजी से बढ़ी है और पिछले कुछ वर्षों में सैकड़ों उद्योग हरियाणा से पलायन कर चुके हैं। भाजपा सरकार प्रदेश में ऐसा एक भी बड़ा प्रोजेक्ट नहीं लाई, जिससे युवाओं को रोजगार मिल सके। रोजगार देने के मामले में हरियाणा देश में 18 राज्यों में से 14वें स्थान पर है।
भूपेंद्र हुड्डा ने आरोप लगाया कि चुनाव से पहले सरकार ने हरियाणा को देश का सबसे गरीब प्रदेश दिखाने का प्रयास किया और 2 करोड़ 80 लाख की आबादी में 2 लाख से 13 लाख बीपीएल कार्ड बना दिए, लेकिन चुनाव के बाद लाखों बीपीएल कार्ड काट दिए गए। वहीं महिलाओं को 2100 रुपये देने के वादे से भी सरकार मुकरती नजर आ रही है।
इस मौके पर प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष राव नरेंद्र सिंह ने बताया कि पंजाबी धर्मशाला में 10 दिवसीय प्रशिक्षण शिविर चल रहा है, जिसमें एआईसीसी के तत्वावधान में हरियाणा व उत्तराखंड के जिला कांग्रेस अध्यक्षों को प्रशिक्षण दिया जा रहा है। प्रशिक्षण में पार्टी की नीतियां, इतिहास, संविधान, मनरेगा सहित विभिन्न विषय शामिल हैं। उन्होंने कहा कि राहुल गांधी भी इस कार्यक्रम में शामिल होकर जिला अध्यक्षों को मार्गदर्शन देंगे।
राव नरेंद्र सिंह ने कहा कि वर्तमान सरकार में कानून व्यवस्था पूरी तरह ध्वस्त हो चुकी है। विधायकों को धमकियां मिल रही हैं और नारनौल में पत्रकार के घर में घुसकर मारपीट की घटना बेहद शर्मनाक है। कांग्रेस शासन में अपराधी प्रदेश छोड़कर भागने को मजबूर थे, लेकिन आज खुलेआम गुंडागर्दी हो रही है।
इस अवसर पर जयनारायण शर्मा, श्याम सुंदर तिवाड़ी, मायाराम चंद्रभानपुर, मेहर सिंह रामगढ़, जिला कांग्रेस उपाध्यक्ष विवेक भारद्वाज डब्बू, जिला कांग्रेस महासचिव टेकचंद बारना, पार्षद मनु जैन, सुभाष पलवल, गुरतेज सेखों, विशाल सिंगला, जिला युवा कांग्रेस अध्यक्ष कुलदीप ढिल्लों, इशान शर्मा, अशोक भारद्वाज, दीपक सिंगला सहित बड़ी संख्या में कांग्रेस कार्यकर्ता मौजूद रहे।







