कुरुक्षेत्र, प्रमोद कौशिक | 18 जनवरी – अंतर्राष्ट्रीय जाट धर्मशाला कुरुक्षेत्र में बसंत पंचमी के पावन अवसर पर 23 जनवरी 2025 को दीनबंधु सर छोटू राम जी की स्मृति में भव्य वार्षिक उत्सव का आयोजन किया जाएगा। इस कार्यक्रम में प्रदेश भर से समाज के विभिन्न वर्गों, सामाजिक संगठनों तथा सर छोटू राम के विचारों को मानने वाले लोग बड़ी संख्या में भाग लेंगे।
इस आयोजन को लेकर अंतर्राष्ट्रीय जाट धर्मशाला में आयोजित प्रेस वार्ता में धर्मशाला के प्रधान डॉ. कृष्ण श्योकंद ने कार्यक्रम की विस्तृत जानकारी दी। उन्होंने बताया कि कार्यक्रम का शुभारंभ महामंडलेश्वर गीता मनीषी स्वामी ज्ञानानन्द जी महाराज के आशीर्वचन से होगा।
कार्यक्रम में हरियाणा के मुख्यमंत्री श्री नायब सिंह सैनी मुख्य अतिथि के रूप में शिरकत करेंगे, जबकि कार्यक्रम की अध्यक्षता राज्यसभा सांसद श्री सुभाष बराला करेंगे।
कार्यक्रम में अति विशिष्ट अतिथि के रूप में कैबिनेट मंत्री श्री कृष्ण बेदी, सांसद श्री नवीन जिंदल, पूर्व मंत्री श्री सुभाष सुधा, भाजपा जिला अध्यक्ष श्री तेजेंदर खैरा, समाजसेवी प्रदीप मोर, जयभगवान शर्मा, सुखबीर शौकीन तथा राष्ट्रीय लोकदल की प्रवक्ता सुश्री निशा चौधरी शामिल होंगी।
डॉ. कृष्ण श्योकंद ने कहा कि दीनबंधु सर छोटू राम जी ने किसानों और मजदूरों के अधिकारों की रक्षा के लिए ऐतिहासिक कानून बनवाए। किसानों की खेती, बैलगाड़ी और घर को कुर्की से बचाने जैसे उनके कार्य आज भी मील का पत्थर हैं। इसी कारण वे किसान-मजदूर हितों के प्रतीक और 36 बिरादरी के सच्चे प्रतिनिधि के रूप में याद किए जाते हैं।
उन्होंने बताया कि 23 जनवरी का दिन ऐतिहासिक दृष्टि से भी अत्यंत महत्वपूर्ण है, क्योंकि इसी दिन आजाद हिंद फौज के संस्थापक नेताजी सुभाष चंद्र बोस की जयंती भी मनाई जाती है। कार्यक्रम में नेताजी के योगदान को भी श्रद्धापूर्वक स्मरण किया जाएगा।
डॉ. श्योकंद ने यह भी बताया कि अंतर्राष्ट्रीय जाट धर्मशाला सामाजिक गतिविधियों के साथ-साथ शिक्षा के क्षेत्र में भी उल्लेखनीय कार्य कर रही है। डॉ. आनंद मनी के प्रतिष्ठित कोचिंग संस्थान के माध्यम से 100 से अधिक विद्यार्थियों को निःशुल्क ऑनलाइन NEET परीक्षा की तैयारी करवाई जा रही है, जिससे आर्थिक रूप से कमजोर लेकिन प्रतिभावान छात्रों को बड़ा लाभ मिल रहा है।
उन्होंने प्रदेश की 36 बिरादरी से आह्वान किया कि वे अधिक से अधिक संख्या में पहुंचकर इस पावन अवसर को सफल बनाएं और दीनबंधु सर छोटू राम जी के आदर्शों को आगे बढ़ाने का संकल्प लें।
प्रेस वार्ता में धर्मशाला के उपप्रधान बनी सिंह ढुल, सचिव हरकेश सहारण, सह-सचिव होशियार सिंह, कोषाध्यक्ष नरेंद्र, सदस्य जितेंद्र, अंग्रेज सिंह, बलविंदर, गंगा बिशन सहारण, रमेश मलिक, ऋषिपाल, पूर्व वाइस चांसलर प्रो. रणपाल तहलान, ऋषिपाल अन्टेड़ी, राजेंद्र हथिरा, टेकचंद बारना, शमशेर ढुल, जसवंत कोलेखां, सतीश खटखड़, गुलाब घराड़सी, वेद प्रकाश कैंदल, लेखराज लाठर, अर्जुन सारसा, जयप्रकाश बिढ़ाण, जगीर खिदरपुरा, मनोज चहल, अमित घसो सहित अनेक गणमान्य व्यक्ति उपस्थित रहे।
डॉ. श्योकंद ने कहा कि दीनबंधु सर छोटू राम जी वास्तव में “रहबरे-ए-आज़म”, अर्थात जनता के सच्चे मार्गदर्शक थे। सर्वसमाज की भलाई के लिए समर्पित उनका जीवन आज भी प्रेरणा का स्रोत है। उनके दिखाए मार्ग पर चलना ही उन्हें सच्ची श्रद्धांजलि होगी।






