चंडीगढ़, 15 जनवरी। हरियाणा सरकार ने ग्रुप-डी कर्मचारियों के सुचारू समायोजन एवं पोस्टिंग प्रक्रिया को गति देने के उद्देश्य से सभी विभागाध्यक्षों को निर्देश दिए हैं कि वे हरियाणा नॉलेज कारपोरेशन लिमिटेड (HKCL) के पोर्टल पर अपने-अपने विभागों में ग्रुप-डी के रिक्त पदों का विवरण तत्काल अपलोड करें।
मुख्य सचिव कार्यालय द्वारा जारी पत्र में स्पष्ट किया गया है कि सभी विभाग एक सप्ताह के भीतर HKCL रिक्विज़िशन पोर्टल पर रिक्त पदों की अद्यतन जानकारी अनिवार्य रूप से अपलोड करें। इस पहल का उद्देश्य उन ग्रुप-डी कर्मचारियों के समायोजन को सरल बनाना है, जिन्होंने अभी तक कार्यभार ग्रहण नहीं किया है, ताकि उन्हें पोर्टल पर पहले से दर्ज उनकी पोस्ट प्राथमिकताओं के अनुरूप बिना किसी प्रशासनिक अड़चन के नियुक्त किया जा सके।
सरकार ने यह भी निर्देश दिया है कि अपलोड की गई रिक्तियों के विवरण के साथ सक्षम प्राधिकारी द्वारा विधिवत सत्यापित प्रमाण पत्र भी पोर्टल पर अपलोड किया जाए। यह प्रमाण पत्र यह सुनिश्चित करेगा कि प्रस्तुत डेटा पूर्णतः सही और अद्यतन है।
सरकारी निर्देशों के अनुसार, नए अनुशंसित ग्रुप-डी कर्मचारियों की पोस्टिंग संबंधित विभागों द्वारा प्रदान की गई इसी प्रमाणित जानकारी के आधार पर की जाएगी।







