गुरुग्राम में राष्ट्रीय युवा दिवस कार्यक्रम में भाजपा के कार्यकारी राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नबीन की युवाओं से अपील- विकसित भारत बनाने में योगदान दें देश के युवा
हरियाणा के युवा मुख्यमंत्री नायब सैनी के नेतृत्व में हरियाणा विकास की नई ऊंचाइयों को छू रहा है : नितिन नबीन
युवा शॉर्ट कट से बचें, शॉर्ट कट परेशानी का कारण होता है : नबीन
भाजपा में वंशवाद की नहीं, कर्मठता और योग्यता की पूजा होती है : मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी
स्वामी विवेकानंद ने युवाओं को राष्ट्र भक्ति का मंत्र दिया : बड़ौली

चंडीगढ़, 12 जनवरी। भारतीय जनता पार्टी के कार्यकारी राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नबीन ने कहा कि हमारे प्रेरणा पुरुष स्वामी विवेकानंद ने हमेशा युवा शक्ति पर भरोसा किया है। स्वामी विवेकानंद का मानना था कि जब-जब देश आगे बढ़ेगा और नई ऊंचाइयों को छूएगा उस ऊंचाई का नेतृत्व युवा करता दिखाई देगा। युवाओं से अपील की कि देश का युवा विकसित भारत बनाने में अपनी भूमिका सुनिश्चित करें और प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के विकसित भारत विजन को पूरा करने में अपना योगदान दें।
श्री नबीन रविवार को गुरुग्राम में स्वामी विवेकानंद जन्म जयंती के अवसर पर आयोजित राष्ट्रीय युवा दिवस कार्यक्रम को संबोधित कर रहे थे। इससे पहले गुरुग्राम पहुंचने पर मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी और प्रदेश अध्यक्ष मोहन लाल बड़ौली समेत तमाम कार्यकर्ताओं ने नवनियुक्त कार्यकारी राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नबीन का भव्य स्वागत किया। कार्यक्रम को मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी, प्रदेश अध्यक्ष मोहन लाल बड़ौली, युवा मोर्चा के राष्ट्रीय अध्यक्ष तेजस्वी सूर्या और खेल मंत्री गौरव गौतम ने भी संबोधित किया।
भाजपा के कार्यकारी राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नबीन ने कहा कि आज हम इस बात के साक्षी हैं कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने देश भर के युवाओं को प्रेरणा और नेतृत्व दिया है। युवाओं का आह्वान करते हुए श्री नबीन ने कहा कि हम सभी को मिलकर विकसित भारत बनाना है और युवाओं को नेतृत्व के लिए आगे आना होगा। राष्टीय युवा दिवस के अवसर पर सर्वप्रथम श्री नबीन ने युवाओं के प्रेरणा पुरूष स्वामी विवेकानंद को श्रद्धासुमन अर्पित कर नमन किया।

कार्यकारी राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नबीन ने मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी की प्रशंसा करते हुए कहा कि सीएम सैनी के नेतृत्व में हरियाणा विकास की नई ऊंचाइयों को छू रहा है। उन्होंने कहा कि आज मैं उस ऊर्जा को महसूस कर रहा हूं जो भारत का युवा देश को विकसित करने में नेतृत्व करेगा। उन्होंने कहा कि हरियाणा में मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी के नेतृत्व में युवा आगे बढ़ रहे हैं और उन्हें रोजगार भी मिल रहा है। देश की 65 प्रतिशत आबादी की उम्र 35 वर्ष से कम है और आने वाले समय में हमारा देश युवाओं का देश होगा।
भाजपा के कार्यकारी राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नबीन ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में अनेकों ऐसी योजनाएं चल रही है जिनका लाभ लेते हुए हमारे युवा रोजगार देने वाले बन रहे हैं। देश के युवा भारत की तकनीकी क्रांति को आगे बढ़ा रहे हैं।
राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नबीन ने कहा कि पीएम मोदी युवाओं के जोश को दिशा दे रहे हैं। युवाओं को अब राजनीतिक जीवन में सकारात्मक सोच से आना होगा। उन्होंने कहा कि आज कई पार्टी पार्ट टाइम राजनीति करती है, लेकिन भाजपा के कार्यकर्ता कर्मठता से फुल टाइम राजनीति करता है। उन्होंने युवाओं को शॉर्टकट से बचने की सलाह दी। श्री नबीन ने कहा कि शॉर्टकट परेशानी का कारण बनता है। उन्होंने कहा कि पूरी ताकत और धैर्य के साथ सही दिशा के साथ हमें आगे बढ़ना है।
भाजपा के कार्यकारी राष्ट्रीय अध्यक्ष ने कहा कि एक समय था जब भारत में निवेश की संभावनाओं पर कम विचार होता था। उन्होंने कहा कि आज मोदी सरकार में निवेशक भारत को सुरक्षित मानते हैं। पीएम मोदी के नेतृत्व में नए भारत की तस्वीर बनी है। उन्होंने कहा कि पहले मोबाइल की मैन्यूफैक्चरिंग बाहर होती थी, लेकिन आज भारत में हो रही है यह भारत का नया प्रभाव है। उन्होंने कहा कि सांस्कृतिक और आध्यात्मिक विरासत को बढ़ाने का काम मोदी सरकार में हो रहा है।

नितिन नबीन ने कहा कि एक हजार साल पहले सोमनाथ को रौंदने का काम हुआ। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने स्वाभिमान गौरव को बढ़ाया जिस पर हमें गर्व है। सोमनाथ मंदिर आज पुनः भव्य और स्वाभिमान के साथ खडा है। उन्होंने कहा कि देश भर में युवाओं को आगे बढ़ने का मौका मिल रहा है। पीएम मोदी का विकसित भारत का सपना सबका साथ, सबका विश्वास और सबका प्रयास के मूलमंत्र पर चलते हुए हमें पूरा करना है। श्री नबीन ने कहा कि हम महापुरूषों की जयंतियां एक दिन नहीं बल्कि पूरे वर्ष मनाते हैं और उनकी प्रेरणा से काम करते हैं।
कार्यकारी राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नबीन ने राजनीतिक तंज करते हुए कहा कि कुछ राजनीतिक दिलों के लोग जब विदेशों की धरती पर जाते हैं तो भारत के संविधान को गाली देकर भारत के संविधान को अपमानित करने का काम करते हैं। 2011 में जब भाजपा ने राष्ट्रीय तिरंगा यात्रा निकाली तो कश्मीर के लाल चौक पर तिरंगा फहराना चाहते थे लेकिन दिल्ली में बैठी मनमोहन सिंह की सरकार और उमर अब्दुल्ला ने कहा था कि इससे कश्मीर की शांति भंग हो जाएगी। अब भारतीय जनता पार्टी की केंद्र में सरकार बनी तो धारा 370 को तोड़ा गया और कश्मीर में तिरंगा फहराकर भारत की तस्वीर को बदलने का काम किया। अयोध्या में भव्य राम मंदिर बनाकर सनातन परंपरा को ताकत देने का काम किया।
नितिन नबीन ने कहा कि विपक्ष के नेताओं ने राम मंदिर निर्माण को रोकने का काम किया। सनातन परम्पराओं को चोट पहुंचाई। उन्होंने कहा कि पीएम मोदी के नेतृत्व में भव्य राम मंदिर बना। भगवान राम हमारे आदर्श हैं। भगवान राम के दिखाए मार्ग पर हम चलते हैं। राष्ट्रीय अध्यक्ष ने कहा कि अब नए भारत के निर्माण का समय है। 2047 तक हमें हरियाणा और भारत को विकसित राष्ट्र बनाना है जिसमें हम सभी का योगदान होना चाहिए।
*भाजपा में वंशवाद की नहीं, कर्मठता और योग्यता की पूजा होती है : मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी
स्वामी विवेकानंद ने भारत की आत्मा को विश्व मंच पर स्थापित किया : नायब सिंह सैनी

हरियाणा के मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी ने कहा कि आज विवेकानंद की जन्म जयंती का दिन हमारे लिए गर्व का दिन है। उन्होंने मां शीतला और गुरु द्रोण की पवित्र धरती पर राष्ट्रीय अध्यक्ष का स्वागत करते हुए कहा कि श्री नबीन के आने से हरियाणा के युवाओं में नई उर्जा का संचार होगा। उन्होंने कहा कि स्वामी विवेकानंद ने भारत की आत्मा को विश्व मंच पर स्थापित किया। भारत को विश्व पटल पर नई पहचान दिलाई।
स्वामी विवेकानंद को नमन करते हुए नायब सिंह सैनी ने कहा कि स्वामी विवेकानंद केवल एक संयासी नहीं, बल्कि युवाओं के प्रेरणा स्रोत हैं। स्वामी विवेकानंद ने कहा था कि युवाओं को खुद पर विश्वास होना चाहिए। भगवान भी उस व्यक्ति की ही सहायता करते हैं जिनका खुद पर विश्वास हो। मुख्यमंत्री ने कहा कि आज के दिन सभी युवाओं को विवेकानंद जी के शब्दों उनके चरित्र और जीवन को अपने जीवन में उतारने का संकल्प लेना चाहिए। मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी ने कहा कि हम युग पुरूष स्वामी विवेकानंद की जन्म जयंती हर्षोल्लास के साथ मना रहे है। उन्होंने कहा कि हमारे लिए यह सुखद अनुभूति है।
मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी ने कहा कि नवनियुक्त राष्ट्रीय अध्यक्ष श्री नबीन को सरकार और संगठन का बड़ा अनुभव है। श्री नबीन युवाओं के लिए एक प्रेरणा के रूप में है। उन्होंने कहा कि भाजपा में वंशवाद की नहीं कर्मठता और योग्यता की पूजा होती है। हमारी सरकार ने 11 वर्षों में हरियाणा की राजनीति की एक नई तस्वीर बनाई है। एक लाख 80 हजार से अधिक युवाओं को नौकरियां देने का काम किया है।
मुख्यमंत्री ने कहा कि पिछले 11 वर्षों से हमारी सरकार ने युवा नीति को गति दी है। युवाओं का सम्मान हो इसके लिए काम किया है। उन्होंने कहा कि मैने विधानसभा चुनाव में वादा किया था कि सरकार बनते ही 24 हजार युवाओं को रोजगार दिया जाएगा और यह वादा हमारी सरकार ने निभाया। श्री सैनी ने कहा कि भाजपा सरकार में बिना पर्ची और बिना खर्ची के युवाओं को रोजगार मिल रहा है।
कार्यकारी राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नबीन के नेतृत्व में भाजपा और अधिक सशक्त होगी : मोहन लाल बड़ौली
स्वामी विवेकानंद ने युवाओं को राष्ट्र भक्ति का मंत्र दिया : बड़ौली
भाजपा प्रदेश अध्यक्ष पंडित मोहन लाल बड़ौली ने कार्यक्रम को संबोधित करते हुए कहा कि कार्यकारी राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नबीन युवा और उर्जावान हैं। श्री नबीन ने कम उम्र में ही राजनीति में कदम रखा और जनसेवा को अपना लक्ष्य बनाया। 2006 में पहली बार विधायक बनने के साथ ही जनता की आवाज बनें और बिहार में मंत्री के रूप में विकास कार्य को गति दी। उन्होंने कहा कि श्री नबीन कार्यकर्ताओं के साथ कंधा से कंधा मिलाकर चलने वाले नेता हैं। उन्होंने कहा कि नवनियुक्त कार्यकारी राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नबीन के नेतृत्व में भाजपा और अधिक सशक्त होगी।
मोहन लाल बड़ौली ने कहा कि आज का दिन अत्यंत गौरव और प्रेरणा का दिन है। आज हम युग पुरूष स्वामी विवेकानंद की जयंती मना रहे हैं। स्वामी विवेकानंद जी ने सम्पूर्ण विश्व को भारत की आध्यात्मिक शक्ति से परिचित कराया और युवाओं को राष्ट्र भक्ति का मंत्र दिया। स्वामी जी कहते थे लक्ष्य प्राप्त नहीं हो जाए तक हमें रूकना नहीं है। संगठन की तरफ से श्री नबीन का स्वागत करते हुए श्री बड़ौली ने कहा कि कार्यकारी अध्यक्ष नबीन के नेतृत्व युवाओं को नई दिशा देगा।
श्री बड़ौली ने कहा कि नायब सैनी सरकार ने हरियाणा में पादर्शी व्यवस्था और स्वरोजगार के क्षेत्र में ऐतिहासिक कार्य किए हैं। आज का युवा नौकरी लेने वाला नहीं बल्कि देने वाला बन रहा है। प्रधानमंत्री मोदी के नेतृत्व में स्टार्टअप इंडिया, डिजिटल इंडिया विकसित भारत के संकल्प को साकार कर रहे हैं। नायब सैनी सरकार ने युवाओं को केंद्र में रखकर नीतियां बनाई है। स्वामी जी का सपना था कि भारत का युवा साहसी हो भाजपा उस सपने को साकार कर रही है। उन्होंने युवाओं का आह्वान करते हुए कहा कि हमें अपने भविष्य के साथ-साथ भारत के भविष्य के बारे में देश प्रथम की भावना से आगे बढ़ना है।
नायब सैनी सरकार में युवाओं को योग्यता से मिलती है नौकरियां : गौरव गौतम
खेल मंत्री गौरव गौतम ने कहा कि मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी के नेतृत्व में सर्वश्रेष्ठ खेल नीति बनाई गई है। हमारे खिलाड़ी विश्व में भारत और हरियाणा का नाम रोशन कर रहे हैं। कांग्रेस पर तंज कसते हुए उन्होंने कहा कि कांग्रेस की सरकार में पॉलिसियां पैरालाइज हो जाती थी। कांग्रेस सरकार में नौकरियां बांटी जाती थी, परिवार के लोग ही सरकारी नौकरियों में लगते थे।
गौरव गौतम ने कहा कि मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी के नेतृत्व में युवाओं को योग्यता से नौकरियां मिल रही है। खेलों के क्षेत्र में भारत का तिरंगा दुनिया में लहरा रहा है। हर क्षेत्र में हरियाणा का युवा आगे बढ़ रहा है।
स्वामी विवेकानंद का जीवन करोड़ों युवाओं को प्रेरित करने वाला : तेजस्वी सूर्या
भाजपा युवा मोर्चा के राष्ट्रीय अध्यक्ष तेजस्वी सूर्या ने युवाओं को स्वामी विवेकानंद के जीवन से परिचित कराया। उन्होंने कहा कि स्वामी विवेकानंद ऐसे व्यक्तित्व थे जिन्होंने भारत के कौने-कौने में प्रवास कर भारत को जगाने का काम किया। आज भी स्वामी विवेकानंद का जीवन करोड़ों युवाओं को प्रेरित करने वाला है। स्वामी जी की संकल्प शक्ति के कारण ही अंग्रेजों को भारत से भगाया गया।
श्री सूर्या ने कहा कि स्वामी विवेकानंद युवाओं को ताकवर बनने के लिए प्रेरित करते थे। वो बार-बार युवाओं की तुलना शेर से करते थे। विवेकानंद ने अपने संदेश में कहा है कि युवाओं को ईश्वर से ज्यादा खुद पर विश्वास होना चाहिए। अपने जीवन में कोई भी काम चाहे खेल हो या फिर पढ़ाई हो पूरे विश्वास के साथ करें। श्री सूर्या ने कहा कि स्वामी का दूसरा संदेश था कि युवा सशक्त बनें तेज दिमांग और लोहे जैसा शरीर हो। उन्होंने कहा कि युवा स्पोर्ट को अपनाएं और ड्रग्स से दूर रहे और नई चीजें सीखने का प्रयास करें।
तेजस्वी सूर्या ने कहा कि विवेकानंद जी का तीसरा संदेश गरीब की सेवा करें और उनमें भगवान को देखें। उन्होंने कहा कि हम राजनीतिक पार्टी के कार्यकर्ता हैं। पीएम मोदी के जो काम हैं वे भी गरीबों की सेवा के काम हैं। उन्होंने कहा कि आने वाले 25 साल बहुत ही महत्वपूर्ण है। विवेकानंद की जन्म जयंती के अवसर पर सभी युवाओं को भारत को सूपर पॉवर और विश्व गुरू बनाने का संकल्प लेना चाहिए।
इस अवसर पर हरियाणा प्रदेश के सह प्रभारी सुरेंद्र नागर, केंद्रीय मंत्री राव इंदरजीत सिंह, भाजपा पार्लियामेंट्री बोर्ड की सदस्य सुधा यादव, भाजपा के राष्ट्रीय सचिव ओम प्रकाश धनखड़, संगठन मंत्री फणींद्र नाथ शर्मा, मंत्री राव नरबीर सिंह, शिक्षा मंत्री महिपाल ढांडा, कैबिनेट मंत्री कृष्ण बेदी, राज्य मंत्री राजेश नागर, युवा अधिकारिता मंत्री गौरव गौतम, सोहना के विधायक तेजपाल तंवर, गुरुग्राम के विधायक मुकेश शर्मा, प्रदेश प्रभारी युवा मोर्चा अभिनव प्रकाश, महामंत्री सुरेंद्र पुनिया तथा डॉक्टर अर्चना गुप्ता, जिला अध्यक्ष सर्वप्रिय त्यागी एवं अजीत यादव, मेयर राजरानी मल्होत्रा सहित अन्य गणमान्य उपस्थित रहे।







