वेनेजुएला पर सैन्य हमले के विरोध में गुड़गांव में डोनाल्ड ट्रंप का पुतला दहन

गुड़गांव। सोशलिस्ट यूनिटी सेंटर ऑफ इंडिया (कम्युनिस्ट) [SUCI (C)] की गुड़गांव जिला कमेटी के आह्वान पर सोमवार को शहर के बाबा प्रकाश पुरी चौक पर अमेरिकी साम्राज्यवाद के खिलाफ जोरदार विरोध प्रदर्शन किया गया। प्रदर्शनकारियों ने अमेरिका द्वारा वेनेजुएला पर किए गए सैन्य हमले की कड़ी निंदा करते हुए अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप का पुतला दहन किया।
प्रदर्शन को संबोधित करते हुए SUCI (कम्युनिस्ट) हरियाणा राज्य कमेटी के सदस्य कामरेड बलवान सिंह ने कहा कि वेनेजुएला पर किया गया हमला केवल एक संप्रभु राष्ट्र पर नहीं, बल्कि पूरे लैटिन अमेरिका पर अमेरिकी साम्राज्यवाद का हमला है। उन्होंने आरोप लगाया कि अमेरिका बल प्रयोग के माध्यम से वेनेजुएला सहित अन्य देशों को अपने अधीन कर वहां के पेट्रोलियम और प्राकृतिक संसाधनों की लूट करना चाहता है।
कामरेड बलवान सिंह ने कहा कि अमेरिका लंबे समय से दबाव, हस्तक्षेप और दमन की नीति के तहत दुनिया के विभिन्न देशों में अस्थिरता फैलाता रहा है और वेनेजुएला पर हमला उसी नीति की कड़ी है। उन्होंने चेतावनी दी कि इस तरह की सैन्य कार्रवाइयों से विश्व में युद्ध और अशांति का खतरा बढ़ता है, जिसका सबसे बड़ा खामियाजा आम मेहनतकश जनता को भुगतना पड़ता है।
उन्होंने वेनेजुएला के राष्ट्रपति निकोलस मादुरो तथा उनकी पत्नी सीलिया फ्लोर्स को तत्काल रिहा किए जाने की मांग करते हुए अंतरराष्ट्रीय जनमत को अमेरिकी आक्रामकता के खिलाफ एकजुट होने का आह्वान किया।
SUCI (कम्युनिस्ट) ने सभी साम्राज्यवाद-विरोधी, युद्ध-विरोधी और शांतिप्रिय शक्तियों से अपील की कि वे इस जघन्य हमले के खिलाफ आवाज बुलंद करें और पीड़ित वेनेजुएला की जनता के साथ मजबूती से खड़े हों।
इस विरोध कार्यक्रम में कोमल सिंह, कंवरलाल सैनी, निरंजन लाल, संदीप दुबे, रवि कुमार, रामेश्वर, वजीर सिंह, श्रवण कुमार, रामकिशन प्रजापति, धर्मपाल प्रजापति, राजेश कुमार सहित भवन निर्माण कारीगर यूनियन से संबद्ध AIUTUC के अनेक श्रमिकों ने सक्रिय भागीदारी की।









