नगर निगम गुरुग्राम और सीईएसएल के बीच ईवी चार्जिंग इंफ्रास्ट्रक्चर को लेकर हुआ एमओयू

👇समाचार सुनने के लिए यहां क्लिक करें

शहर की मार्केट्स और कम्युनिटी सेंटरों में लगाए जाएंगे 20 ईवी चार्जिंग स्टेशन, लागत व संचालन की जिम्मेदारी सीईएसएल की

गुरुग्राम, 8 जनवरी। इलेक्ट्रिक वाहनों को बढ़ावा देने और शहर को स्वच्छ व प्रदूषण मुक्त बनाने की दिशा में नगर निगम गुरुग्राम ने एक महत्वपूर्ण कदम उठाया है।नगर निगम गुरुग्राम और कन्वर्जेंस एनर्जी सर्विसेज लिमिटेड (सीईएसएल) के बीच एक समझौता ज्ञापन पर हस्ताक्षर किए गए। इस एमओयू के तहत गुरुग्राम शहर में कुल 20 इलेक्ट्रिक व्हीकल चार्जिंग स्टेशन स्थापित किए जाएंगे।

यह ईवी चार्जिंग स्टेशन शहर की प्रमुख मार्केट्स और कम्युनिटी सेंटरों में लगाए जाएंगे, ताकि आम नागरिकों को इलेक्ट्रिक वाहनों की चार्जिंग के लिए आसानी से सुविधा उपलब्ध हो सके। इन चार्जिंग स्टेशनों की स्थापना से न केवल ईवी उपयोगकर्ताओं को सहूलियत मिलेगी, बल्कि शहर में इलेक्ट्रिक वाहनों के उपयोग को भी प्रोत्साहन मिलेगा।

नगर निगम अधिकारियों के अनुसार, इस परियोजना से जुड़ी पूरी लागत सीईएसएल द्वारा वहन की जाएगी। इसमें बिजली कनेक्शन, ईवी चार्जर की स्थापना, आवश्यक उपकरणों की व्यवस्था, तथा चार्जिंग स्टेशनों का ऑपरेशन और मेंटेनेंस भी सीईएसएल की जिम्मेदारी होगी।

इस पहल को गुरुग्राम में ग्रीन मोबिलिटी को बढ़ावा देने की दिशा में एक अहम कदम माना जा रहा है। इलेक्ट्रिक वाहनों के अधिक उपयोग से जहां ईंधन की बचत होगी, वहीं वायु प्रदूषण में भी उल्लेखनीय कमी आएगी। इससे शहर को स्वच्छ, पर्यावरण अनुकूल और भविष्य की जरूरतों के अनुरूप विकसित करने में मदद मिलेगी।

नगर निगम गुरुग्राम ने नागरिकों से अपील की है कि वे इलेक्ट्रिक वाहनों को अपनाकर इस पहल में सहयोग करें और प्रदूषण मुक्त गुरुग्राम के निर्माण में अपनी भूमिका निभाएं।

Bharat Sarathi
Author: Bharat Sarathi

Leave a Comment

और पढ़ें