सरपंच सुंदर लाल यादव बोले—हिमांशी हरियाणा की बेटियों की प्रतिभा और संकल्प का प्रतीक
बेटियों को शिक्षा देकर मुख्यधारा में लाने का किया आह्वान

गुरुग्राम। यूपीएससी (सीडीएस आर्मी) परीक्षा में ऑल इंडिया आठवां रैंक हासिल कर हरियाणा का नाम रोशन करने वाली हिमांशी का सेक्टर-82 स्थित सरपंच सुंदर लाल यादव के कार्यालय में ग्रामीणों की ओर से सम्मान किया गया। इस अवसर पर भारतीय जनता पार्टी के वरिष्ठ नेता एवं मानेसर नगर निगम से भाजपा प्रत्याशी रहे सरपंच सुंदर लाल यादव ने हिमांशी को हरियाणा का गौरव बताते हुए कहा कि उनकी सफलता पूरे समाज के लिए प्रेरणा है।
सरपंच सुंदर लाल यादव ने कहा कि हिमांशी ने यह सिद्ध कर दिया है कि जब बेटियों को परिवार और समाज का सहयोग मिलता है, तो वे किसी भी क्षेत्र में उत्कृष्ट प्रदर्शन कर सकती हैं। उन्होंने बेटियों को अच्छी शिक्षा देने और उन्हें समाज की मुख्यधारा में लाने की अपील की।
कार्यक्रम में मेजर नवीन कुमार की होनहार बेटी हिमांशी को विशेष रूप से आमंत्रित किया गया। उन्हें समाजसेवी संजय यादव, विजयपाल सरपंच, रविंद्र भारद्वाज, ओमप्रकाश महलावत, सतीश यादव, कर्मबीर यादव सहित अनेक ग्रामीणों ने शुभकामनाएं दीं और उज्ज्वल भविष्य की कामना की। हिमांशी मार्च 2026 में अकादमी जॉइन करेंगी।
सरपंच सुंदर लाल यादव ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के ‘बेटी बचाओ-बेटी पढ़ाओ’ अभियान का सकारात्मक असर हरियाणा में स्पष्ट रूप से दिखाई दे रहा है। मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी के नेतृत्व में सरकार के प्रयासों से प्रदेश में बेटा-बेटी के अनुपात में उल्लेखनीय सुधार हुआ है।
उन्होंने कहा कि सरकार द्वारा बेटियों और महिलाओं के लिए चलाई जा रही योजनाओं से समाज में सोच बदली है और अब बेटियों को बोझ नहीं, बल्कि गौरव के रूप में देखा जा रहा है। खेल, शिक्षा, प्रशासन और रक्षा जैसे क्षेत्रों में हरियाणा की बेटियों ने देश-दुनिया में नाम रोशन किया है और आने वाले समय में यह संख्या और बढ़ेगी।
कार्यक्रम में दिव्या यादव, भूमि यादव, भारती यादव, प्रीति जोशी, राजीव, रमेश यादव, शशि यादव, नरेश यादव सहित बड़ी संख्या में ग्रामीण मौजूद रहे।









