गुरुग्राम: नशे में धुत Asi ने विधायक के काफिले की पायलट गाड़ी को मारी टक्कर

👇समाचार सुनने के लिए यहां क्लिक करें

VIDEO सामने आया; स्कॉर्पियो चालक घायल, बिना नंबर प्लेट कार चला रहे थे ASI, 4 पुलिसकर्मी सस्पेंड

गुरुग्राम | 1 जनवरी 2026 – हरियाणा के गुरुग्राम में नववर्ष के पहले ही दिन पुलिस महकमे की बड़ी लापरवाही सामने आई है। ड्रिंक एंड ड्राइव के खिलाफ लगाए गए नाके के पास ही एक एएसआई ने नशे की हालत में विधायक मुकेश शर्मा के काफिले में शामिल पायलट गाड़ी को टक्कर मार दी। हादसे में पायलट स्कॉर्पियो का चालक घायल हो गया, जबकि गाड़ी को भी भारी नुकसान पहुंचा।

बताया गया है कि स्कॉर्पियो गाड़ी के ठीक पीछे विधायक मुकेश शर्मा स्वयं मौजूद थे। टक्कर इतनी जोरदार थी कि मौके पर अफरा-तफरी मच गई। घटना का वीडियो भी सामने आया है, जो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है।

नशे में तेज रफ्तार से चला रहा था कार

आरोप है कि आरोपी एएसआई बलजीत सिंह अपनी निजी सफेद रंग की वेन्यू कार को नशे की हालत में तेज रफ्तार से चला रहा था। उसके साथ तीन अन्य पुलिसकर्मी भी मौजूद थे। जब पायलट गाड़ी में सवार सुरक्षा कर्मियों ने विरोध किया तो दोनों पक्षों में कहासुनी शुरू हो गई, जो हाथापाई तक पहुंच गई।

स्थिति बिगड़ती देख विधायक मुकेश शर्मा को अपनी गाड़ी से उतरकर हस्तक्षेप करना पड़ा और उन्होंने तत्काल वरिष्ठ पुलिस अधिकारियों को मामले की सूचना दी। सूचना मिलते ही नाका प्रभारी मौके पर पहुंचे और किसी तरह हालात को शांत कराया।

INOX मॉल के सामने लगा था नाका

नाका प्रभारी रमेश ने शिकायत में बताया कि नववर्ष की सुरक्षा व्यवस्था के तहत INOX मॉल के सामने चौक पर नाका लगाया गया था। नाके पर हेड कॉन्स्टेबल संजय, पूनम, कॉन्स्टेबल सोमबीर, सुधीर, एसपीओ अजयपाल और होमगार्ड रघुबीर तैनात थे। न्यू कॉलोनी रेड लाइट की ओर से आने वाले वाहनों की सघन जांच की जा रही थी।

इसी दौरान एएसआई बलजीत सिंह नाके पर पहुंचे और कुछ पुलिसकर्मियों को अपनी कार में बैठाकर चले गए। करीब आधे घंटे बाद तेज रफ्तार में यू-टर्न लेते समय सेक्टर 4/7 चौक पर उनकी कार विधायक के काफिले की पायलट स्कॉर्पियो से टकरा गई।

बिना नंबर प्लेट की गाड़ी, नशे की पुष्टि

नाका प्रभारी के अनुसार, मौके पर जांच के दौरान आरोपी एएसआई की कार पर आगे की नंबर प्लेट नहीं थी, जबकि पीछे की नंबर प्लेट के अक्षर भी गायब मिले। एएसआई नशे में धुत पाया गया और उसकी आंखें लाल थीं। समझाने के बावजूद वह अभद्र व्यवहार करता रहा।

FIR दर्ज, चार पुलिसकर्मी सस्पेंड

घटना की गंभीरता को देखते हुए नाका प्रभारी ने 1 जनवरी 2026 को एएसआई बलजीत सिंह सहित चार पुलिसकर्मियों के खिलाफ नशे में वाहन चलाने, लापरवाही से ड्राइविंग करने और दुर्घटना करने की धाराओं में FIR दर्ज कराई। इसके साथ ही चारों पुलिसकर्मियों को तत्काल प्रभाव से सस्पेंड कर दिया गया है और आरोपी की गाड़ी को कब्जे में ले लिया गया है।

ड्रिंक एंड ड्राइव पर जीरो टॉलरेंस

गुरुग्राम पुलिस की पीआरओ टीम ने सस्पेंशन की पुष्टि करते हुए कहा कि नववर्ष पर ड्रिंक एंड ड्राइव के खिलाफ जीरो टॉलरेंस नीति लागू है। नियमों का उल्लंघन करने वालों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी, चाहे वह आम नागरिक हो या पुलिसकर्मी। यह घटना इस बात का उदाहरण है कि नशे में वाहन चलाना कितना खतरनाक हो सकता है।

पुलिस प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि कानून सबके लिए समान है और किसी को भी बख्शा नहीं जाएगा।

Bharat Sarathi
Author: Bharat Sarathi

Leave a Comment

और पढ़ें